मुजफ्फरपुर के कटरा में फिर उफनाई बागमती, घरों में घुसा पानी

कटरा में बागमती के जलस्तर में एकबार फिर वृद्धि हुई। रविवार को जलस्तर में करीब दो फीट की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे बाढ़ पीड़ितों में दहशत है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 01:29 AM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 01:29 AM (IST)
मुजफ्फरपुर के कटरा में फिर उफनाई बागमती, घरों में घुसा पानी
मुजफ्फरपुर के कटरा में फिर उफनाई बागमती, घरों में घुसा पानी

मुजफ्फरपुर। कटरा में बागमती के जलस्तर में एकबार फिर वृद्धि हुई। रविवार को जलस्तर में करीब दो फीट की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे बाढ़ पीड़ितों में दहशत है। विस्थापन की पीड़ा से मुक्त हुए परिवारों के सामने फिर परेशानी है। वहीं बांध व अन्य स्थानों पर शरण लिए लोगों की चिंता बढ़ गई है। घर वापसी का उनका सपना टूटता नजर आ रहा है।

जलस्तर में वृद्धि से गंगेया पीपा पुल पर आवागमन बाधित हो गया है। वहीं कई स्थानों पर नाव परिचालन शुरू हो गया। बसघटृा डायवर्सन, शाखो व चंगेल में नाव चलने लगीं। तेहवारा का मार्ग अवरुद्ध हो गया। यहां भी निजी नाव चलने की जानकारी मिल रही है। बसघटृा, हटबरिया व अंदामा के कई परिवार घर छोड़कर सड़क पर शरण लेने पहुंच गए हैं। उनके घरों में पानी घुस गया है। अंदामा के रामबाबू शर्मा, बकुची के धर्मेंद्र कामती ने बताया कि जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो अधिकतर परिवारों को घर छोड़ना पडे़गा।

गंगेया हाईस्कूल के पास फिर से पानी की धारा सड़क पार करके पूरब की ओर बहने लगी। बकुची से पतांरी तक मुख्य सड़क पर दो फीट पानी बह रहा है। दरगाह व हटबरिया के अधिकतर घरों में पानी घुस गया है। इससे वहां के लोग सड़क पर शरण लेने को विवश हैं। कटरा बागमती पर स्थित पीपा पुल पर खतरा मंडराने लगा है। पुल संचालक मुनू सिंह ने बताया कि जलसतर में वृद्धि कम नहीं हुई तो आवागमन बंद हो जाएगा। शिवदासपुर पंचायत के बसंत निवासी दहशत में हैं। यहां दर्जनभर परिवार बांध पर शरण लेने को पहुंच गए हैं। उधर जिला मुख्यालय से प्रखंड का मार्ग भी अवरुद्ध हो जाने की संभावना जताई जा रही है। बाढ़ की स्थिति भयावह बनती जा रही है।

chat bot
आपका साथी