शिवहर जिले में नवीन झा पर कातिलाना हमले के बाद भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग

Sheohar News लोगों ने अंबा चौक पर किया सड़क जाम आगजनी कर जताया आक्रोश अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन गुरुवार की शाम अपराधियों ने अंबा ओझा टोला में नवीन झा को गोली मारकर किया था जख्मी नाराज लोगों ने पिपराही पुलिस के साथ की थी मारपीट।

By Dharmendra Kumar SinghEdited By: Publish:Fri, 12 Nov 2021 11:32 AM (IST) Updated:Fri, 12 Nov 2021 11:32 AM (IST)
शिवहर जिले में नवीन झा पर कातिलाना हमले के बाद भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग
शिवहर के अंबा चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन करते लोग। जागरण

शिवहर/पिपराही, जासं। पिपराही थाने के अंबा ओझा टोली में पूर्व पंसस नवीन कुमार झा पर हुए कातिलाना हमले के बाद शुक्रवार की सुबह एक बार फिर लोग आक्रोशित हो गए। नाराज लोगों ने अलसुबह अंबा चौक को जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। साथ ही टायर जला आगजनी कर आक्रोश जता रहे है। लोग पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे है। नाराज लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़े है। जाम चलते अंबा चौक से वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप है। वहीं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, अपराधियों की गोली से जख्मी नवीन झा का सीतामढ़ी शहर स्थित नंदीपत मेमोरियल हास्पीटल में इलाज जारी है। चिकित्सक डॉ. वरूण कुमार के अनुसार नवीन झा की हालत स्थिर बनी हुई है।

बताते चलें कि, बेखौफ अपराधियों ने गुरुवार की शाम तकरीबन साढ़े सात बजे एक सफेद रंग की बगैर नंबर की अपाचे बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन बदमाशों में से एक ने उनके करीब पहुंचकर प्रणाम करने के बाद दो गोलियां सीने में दाग दी थी। जिससे वह जख्मी होकर गिर पड़े थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए थे। भागने के क्रम में बदमाशों की पिस्टल, मैगजीन और कारतूस गिर पड़ी। स्वजनों द्वारा आनन-फानन में नवीन को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया था। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया था। इसके बाद स्वजनों द्वारा उन्हें सीतामढ़ी के नंदीपत मेमोरियल हास्पीटल में भर्ती कराया गया।

इधर, वारदात के बाद इलाके में आक्रोश भड़क गया। नवीन झा के अंबा ओझा टोली स्थित आवास पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नाराज लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। वारदात के 1.40 घंटे बाद पहुंची पिपराही थाना पुलिस को लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा। नाराज लोगों ने लाठी-डंडों से पुलिस की क्लास ली। वहीं कई पुलिसकर्मियों की पिटाई भी कर दी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी चोटिल भी हुए। नाराज लोगों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस टीम को खदेड़ दिया।

पुलिस की टीम द्वारा घटनास्थल से आधा किमी की दूरी पर पहुंचकर वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद एसपी डॉ. संजय भारती व एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। देररात लोगों को समझाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। वहीं घटनास्थल से पिस्टल, मैगजीन और कारतूस जब्त किया। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इसी बीच शुक्रवार की सुबह लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है।

chat bot
आपका साथी