मुजफ्फरपुर समेत 11 जिले की सभी पंचायतों को मिलेगी बैंकिंग सुविधा

आकांक्षी जिले के लिए नीति आयोग के सलाहकार के प्रस्ताव पर कार्रवाई शुरू। सुविधा न मिलने पर पोस्टल बैंक करेगा काम।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 18 Nov 2018 09:46 PM (IST) Updated:Mon, 19 Nov 2018 06:20 AM (IST)
मुजफ्फरपुर समेत 11 जिले की सभी पंचायतों को मिलेगी बैंकिंग सुविधा
मुजफ्फरपुर समेत 11 जिले की सभी पंचायतों को मिलेगी बैंकिंग सुविधा

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राज्य के 11 जिलों की सभी पंचायतों में बैंकिंग सुविधा बहाल की जाएगी। मुजफ्फरपुर समेत इन आकांक्षी जिलों की बैंक विहीन पंचायतों में बैंकिंग आउटलेट्स खोले जाएंगे। इसके बाद भी अगर किसी क्षेत्र को इसका लाभ नहीं मिल सकेगा तो समीप के पोस्ट ऑफिस को पोस्टल बैंक के रूप में विकसित किया जाएगा। नीति आयोग के सलाहकार राकेश रंजन के निर्देश के बाद इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। योजना विभाग ने इन जिलों के डीएम को बैंक विहीन पंचायतों के समीप के पोस्ट ऑफिस की सूची उपलब्ध कराने को कहा है।

 नीति आयोग के सलाहकार के निर्देश के अनुसार वित्त मंत्रालय का वित्त सेवा प्रभाग (डीएफएस) बैंक विहीन पंचायतों में बैंकिंग आउटलेट्स की सेवा उपलब्ध कराएगा। कई जिलों की ऐसी पंचायतों की सूची विभाग को उपलब्ध है। यहां आउटलेट्स प्रस्तावित कर दिए गए हैं। वहीं उन क्षेत्रों की भी पहचान कर ली गई है जहां आउटलेट्स खोलने के बाद भी बैंकिंग सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाएगी। अब इन स्थानों पर पोस्टल बैंकिंग सुविधा दी जाएगी।

 मालूम हो कि भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ पर पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी आकांक्षी जिलों के डीएम से बात की थी। उन्होंने इन जिलों की सामाजिक व आर्थिक स्थिति में सुधार लाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया था। ताकि, देश का तेजी से विकास हो सके।

इन जिलों को मिलेगी सुविधा

जिला बैंकिंग  आउटलेट्स   पोस्टल बैंक

अररिया            22           01

बांका               01            81

बेगूसराय         29            50

गया                --             07

जमुई              --             89

कटिहार          11             --

खगडिय़ा         --             01

मुजफ्फरपुर     10             --

नवादा             --             23

शेखपुरा            05           01

सीतामढ़ी          12            -- 

chat bot
आपका साथी