भूमि विवाद के मामलों का निष्पादन कर शिवहर ने पेश की नजीर, न‍‍ियम‍ित सुनवाई से म‍िली सफलता

शिवहर में भूमि विवाद के 95 फीसद मामलों का हुआ निष्पादन। शनिवार को थाना स्तर पर आयोजित कैंप में नियमित सुनवाई की वजह से मिली सफलता। भूमि विवाद के मामलों के निष्पादन से घटा अपराध का ग्राफ। लोगों को मिल रही कोर्ट-कचहरी के झंझट से मुक्ति।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 01:00 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 01:00 PM (IST)
भूमि विवाद के मामलों का निष्पादन कर शिवहर ने पेश की नजीर, न‍‍ियम‍ित सुनवाई से म‍िली सफलता
शासन-प्रशासन की पहल की वजह से अब तस्वीर बदल चुकी है।

शिवहर, जासं। कभी शिवहर का इलाका भूमि विवादों को लेकर चर्चित रहा। कभी विवादों में रिश्तों की खून से शिवहर की भूमि लाल होती रही है, तो कभी दो गज जमीन के लिए पीढ़ी दर पीढ़ी दुश्मनी चली आ रही थी। रोजाना मारपीट और थानों में भूमि विवाद के मामले दर्ज होना आम बात बन गया था। लेकिन, शासन-प्रशासन की पहल की वजह से अब तस्वीर बदल चुकी है। सरकार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर आयोजित शिविर की वजह से अब अधिकांश मामलों का निष्पादन हो रहा है। सीओ और थानाध्यक्ष द्वारा दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामलों पर सुनवाई की जा रही है। वहीं दोनों पक्ष की सहमति से भूमि विवाद के मामलों का निष्पादन किया जा रहा है। यही वजह हैं कि, छह माह के भीतर जिले में भूमि विवाद के 593 मामलों में से 555 मामलों का निष्पादन किया गया है। इसमें एसडीपीओ और एसडीओ की भी सराहनीय भूमिका रही है। दोनों अधिकारियों द्वारा थाना स्तर से अग्रसारित कुल नौ मामलों पर अलग से सुनवाई करते हुए सात मामलों का निपटारा कर दिया है। एसडीओ मो. इश्तियाक अली अंसारी और एसडीपीओ राकेश कुमार द्वारा प्रत्येक सप्ताह अनुमंडल स्तर पर थानाध्यक्ष और सीओ के साथ बैठक कर भूमि विवाद के मामलों की समीक्षा की जाती रही है। जबकि, डीएम सज्जन राजशेखर और एसपी डॉ. संजय भारती द्वारा हर माह भूमि विवाद के मामले और इसके निष्पादन की मानीटरिंग की जा रही है। यही वजह हैं कि, 555 मामलों का निष्पादन किया गया है। वहीं अब महज 38 मामले ही लंबित रह गए है।

जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी कुमार विवेकानंद द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शिवहर नगर थाना पुलिस ने सर्वाधिक 141 में से 139 का निष्पादन किया है। दो मामले लंबित रह गए है। पुरनहिया थाना पुलिस ने 129 में से 125 मामलों का निष्पादन किया है। चार मामले लंबित रह गए है। श्यामपुर भटहा थाना पुलिस ने कुल 60 मामलों में से 51 का निष्पादन किया है। यहां अब नौ मामले लंबित रह गए है। हिरम्मा थाना पुलिस ने 30 में से 26 मामले निष्पादित करने में सफलता पाई है। अब चार मामले लंबित है। तरियानी थाना पुलिस ने 89 मामलों में 81 का निष्पादन करने में सफलता पाई है। अब यहां कुल आठ मामले लंबित रह गए है। तरियानी छपरा थाना पुलिस ने शत-प्रतिशत मामलों का निष्पादन कर दिया है। यहां भूमि विवाद के 27 मामले दर्ज थे। थाना स्तर पर आयोजित शिविर में सभी 27 मामलों का निष्पादन कर लिया गया है। एसडीओ व एसडीपीओ ने बताया कि, इलाके में ज्यादातर अपराध की वजह भूमि विवाद ही रही है। लिहाजा, पुलिस-प्रशासन की टीम भूमि विवाद के मामलों का थाना स्तर पर ही निपटारा कर रही है। इससे अपराध का ग्राफ कम हुआ है। कहा कि, आगे भी शिविर का आयोजन जारी रहेगा। साथ ही तमाम मामलों का निष्पादन किया जाएगा। शिवहर निवासी मुकुंद प्रकाश मिश्रा बताते हैं कि, थाना स्तर पर भूमि विवाद के मामलों का निष्पादन होने से समाज में शांति आई है। लोगों को कोर्ट-कचहरी के झंझट, समय और पैसों की बर्बादी से मुक्ति मिली है। शिवहर जिले ने 95 फीसद से अधिक मामलों का निष्पादन कर नजीर पेश किया है। 

chat bot
आपका साथी