आज शाम तक कालेजों को मिलेगा एडमिट कार्ड, कल से प्राप्त कर सकेंगे विद्यार्थी

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से एक अक्टूबर से शुरू हो रही स्नातक प्रथम वर्ष सत्र-2019-22 की परीक्षा के लिए कालेजों में 30 सितंबर को एडमिट कार्ड मिलेगा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 04:24 AM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 04:24 AM (IST)
आज शाम तक कालेजों को मिलेगा एडमिट कार्ड, कल से प्राप्त कर सकेंगे विद्यार्थी
आज शाम तक कालेजों को मिलेगा एडमिट कार्ड, कल से प्राप्त कर सकेंगे विद्यार्थी

मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से एक अक्टूबर से शुरू हो रही स्नातक प्रथम वर्ष सत्र-2019-22 की परीक्षा के लिए कालेजों में 30 सितंबर को एडमिट कार्ड मिलेगा। विवि की ओर से एडमिट कार्ड की छपाई शुरू हो गई है। 29 सितंबर की संध्या तक सभी कालेजों को एडमिट कार्ड मिल जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर को विद्यार्थी अपने कालेजों से एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। विवि की ओर से अबतक दो बार एडमिट कार्ड जारी किया जा चुका है। हजारों की संख्या में छात्रों के बीच एडमिट कार्ड का वितरण भी किया जा चुका है। ऐसे में छात्रों को भी एक बार फिर से एडमिट कार्ड लेने आना होगा। विद्यार्थियों ने इसपर नाराजगी व्यक्त की है। छात्र रोशन कुमार, सुजीत, प्रियंका कुमारी, विवेक आदि ने कहा कि पहले तो परीक्षा के बाद परिणाम में पेंडिग से छात्र परेशान थे। अब एडमिट कार्ड से ही विवि की तैयारियों का पता चल रहा है। दो बार एडमिट कार्ड जारी किया गया और अब तीसरी बार जारी करने की तैयारी है। परीक्षा के एक दिन पूर्व एडमिट कार्ड के लिए कालेजों में भीड़ उमड़ेगी। विवि की ओर से बताया गया कि पहली बार दो केंद्र बदले जाने के कारण वहां परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं का एडमिट कार्ड बदलना पड़ा। वहीं कई कालेजों की ओर से गलत जानकारी दिए जाने और एजेंसी की ओर से भी गड़बड़ी के कारण दूसरी बार एडमिट कार्ड बदलना पड़ रहा है। एडमिट कार्ड की नए सिरे से छपाई चल रही है। बुधवार की संध्या तक सभी कालेजों को एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा। 30 को विद्यार्थी एडमिट कार्ड प्राप्त करेंगे और एक अक्टूबर से परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

chat bot
आपका साथी