West Champaran: मझौलिया में भूमि विवाद को ले युवक को पीट-पीटकर मार डाला
मारपीट की घटना में शेख नजारुल के पुत्र शेख बलाल भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका इलाज भी रहमानिया अस्पताल में हो रहा है। मामले में मृतक के पुत्र शेख बलाल ने पड़ोसी मोहम्मद आफताब सेहाल नेहाल शबाना हुस्नेआरा पर पिता को मारने का आरोप लगाया है।
पश्चिम चंपारण, जासं। थाना क्षेत्र के जौकटिया गांव में रविवार की शाम भूमि विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान जौकटिया शेखटोली निवासी शेख नजारुल मियां (36) के रुप में की गई है। मोतिहारी के रहमानिया अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार की सुबह नजारुल ने दम तोड़ दिया। वह पेटी, ट्रंक, आलमीरा का निर्माण का काम करता था। मारपीट की घटना में शेख नजारुल के पुत्र शेख बलाल भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका इलाज भी रहमानिया अस्पताल में हो रहा है। मामले में मृतक के पुत्र शेख बलाल ने पड़ोसी मोहम्मद आफताब आलम, सेहाल, नेहाल आलम, शबाना खातून, हुस्नेआरा पर अपने पिता को मारने का आरोप लगाया है। मृतक के पुत्र ने बताया कि पड़ोसी से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। रविवार की शाम उसके पिता घर के पीछे लघुशंका करने गए थे। इसी दौरान आरोपी उन्हें घेर का फरसा और लाठी डंडा से मारने लगे। शोरगुल होने पर वह बचाने गया तो उसकी भी पिटाई किए। हल्ला सुनकर आसपास के लोग आए तब आरोपी भाग गए। आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल उसके पिता व उसको इलाज के लिए मझौलिया पीएचसी में लाया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देख दोनों को रेफर कर दिया। इसके बाद लोगों ने इलाज के लिए मोतिहारी के रहमानिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसके पिता की मौत हो गई। इस बावत थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।उधर, शव गांव में पहुंचे पर लोगों की भीड़ जुट गई। नाते- रिश्तेदार व अन्य पहुंचे हैं।