Sitamarhi: सामाजिक कार्यकर्ताओं को याद रखने का अनूठा प्रयास, सड़कों का नामकरण उनके नाम

Sitamarhi News सोनबरसा प्रखंड की सिंहवाहिनी पंचायत की मुखिया रितु जायसवाल ने पेश की मिसाल। सामाजिक कार्यकर्ताओं को याद रखने का किया अनूठा प्रयास। रघुनंदन राम चाचा पथ व पिंटू भैया पथ का हुआ नामकरण गांवों में खुशी।

By Murari KumarEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 05:49 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 05:49 PM (IST)
Sitamarhi: सामाजिक कार्यकर्ताओं को याद रखने का अनूठा प्रयास, सड़कों का नामकरण उनके नाम
'पिंटू भैया' पथ के उदघाटन के मौके पर मुखिया रितू जायसवाल व ग्रामीण।

सोनबरसा (सीतामढ़ी), जासं। सोनबरसा प्रखंड की सिंहवाहिनी पंचायत वैसे तो रितु जायसवाल के मुखिया बनने के साथ ही सुर्खियों में है। अपने व्यक्तित्व, मेहनत, कर्मठता और लगनशीलता के कारण वह कई अवसरों पर सम्मानित हुईं हैं। पंचायत चुनाव के ऐन मौके पर यह पंचायत एकबार फिर सुर्खियों में है। दरअसल, मुखिया ने अपने गांव की सड़कों के नाम गांव के ही सामाजिक कार्यकर्ताओं के नाम पर रखने की पहल की है, ताकि, लोग उनको और उनके योगदानों को याद रख सकें। जनप्रतिनिधियों के नाम शिलापट्टों पर लिखे जाते हैं, उनके नाम से सड़कों का नामकरण भी हो जाता है। मगर, गांव के छोटे-मोटे सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मान देना बेशक अनूठा और सराहनीय प्रयास है।मुखिया रितु जयसवाल का मानना है कि उन्हें समाज में बदलाव की प्रेरणा उस समाज के लोगों से मिलती है।

स्व. राकेश सिंह उर्फ पिंटू भैया छोटी सिंहवाहिनी गांव के निवासी थे। अपने अल्प जीवन काल में उन्होंने समाजहित के लिए कई कार्य कर के एक आदर्श स्थापित किया। राकेश सिंह की याद में उनके लिए सम्मान स्वरूप सिंहवाहिनी पंचायत की ग्राम सभा ने इस सड़क का नामकरण ''पिंटू भैया पथ'' करने का निर्णय लिया। 17 जून, 2002 को उनकी मृत्यु हुई और वर्षों बाद भी पंचायत के लोग उनको अपने दिलों में जिंदा रखे हुए हैं। उनकी धर्मपत्नी किरण सिंह के हाथों शिलापट्ट का लोकार्पण रविवार को हुआ। किरण सिंह हैलेंस स्कूल में वाइस प्रिंसिपल हैं। आज अपनी बदौलत अपने बच्चों को पढ़ा-लिखा रही हैं।

 मौके पर डॉ. संजय सिंह, मुखिया रितु जयसवाल भी मौजूद थीं। दूसरे पथ का नामकरण ''स्व. रघुनंदन राम चाचा पथ'' के नाम से किया गया। जिसमें उनके परिवार के लोग उपस्थित रहे। रघुनंदन राम जी छोटी सिंहवाहिनी गांव के निवासी एवं सच्चे समाजसेवी थे। पूर्व में भी सिंहवाहिनी पंचायत के नरकटिया गांव में निर्मित सड़क का नाम गांव के ही सामाजिक व्यक्ति स्व. राम किशोर राय के नाम से किया गया था। ग्राम सभा द्वारा किसी भी व्यक्ति को समाज में दिए योगदान के लिए उनको धन्यवाद देने का यह बड़ा ही अनूठा एवं सराहनीय प्रयास है।

chat bot
आपका साथी