मुजफ्फरपुर की सड़क पर फिल्म की झलक, लूट के बाद भाग रहे दो बदमाशों ने ओवरब्रिज से लगा दी छलांग

बाइक सवार दो बदमाश एक महिला से मोबाइल व नकदी लूटकर भाग रहे थे। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने बदमाशों को खदेड़ा। पुलिस भी वहां पहुंच गई। स्थानीय लोगों व पुलिस से घिरते देख दोनों बदमाश पकड़े जाने के भय से झपहां ओवरब्रिज से कूद गए।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 08:51 AM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 08:51 AM (IST)
मुजफ्फरपुर की सड़क पर फिल्म की झलक, लूट के बाद भाग रहे दो बदमाशों ने ओवरब्रिज से लगा दी छलांग
अपराधियों के पास से पिस्टल, गोली व अन्य सामान बरामद, बाइक क्षतिग्रस्त। फोटो- जागरण

मुजफ्फरपुर, जासं। अहियापुर थाना के झपहां में शनिवार दोपहर लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाश स्थानीय लोगों व पुलिस से घिरते देख ओवरब्रिज से कूद गए। इसमें एक की मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल है। एसकेएमसीएच में उसका इलाज चल रहा है, जहां स्थिति नाजुक बनी है। पुलिस ने दोनों के पास से पिस्टल, गोली व अन्य सामान बरामद किया है। क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। 

बताया गया कि झपहां इलाके में बाइक सवार दो बदमाश एक महिला से मोबाइल व नकदी लूटकर भाग रहे थे। इसी क्रम में महिला के शोर मचाने पर लोगों ने बदमाशों को खदेड़ा। गश्ती कर रही पुलिस भी वहां पहुंच गई। बताते हैैं कि स्थानीय लोगों व पुलिस से घिरते देख दोनों बदमाश पकड़े जाने के भय से झपहां ओवरब्रिज से कूद गए। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की वहां भीड़ जुट गई। लोगों के सहयोग से दोनों को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर एसकेएमसीएच में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि अहियापुर रूसुलपुर के चंदन सहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई।

वहीं, सहबाजपुर के आयुष कुमार का इलाज चल रहा है। दूसरी ओर कुछ लोग यह बता रहे हैैं कि महिला से मोबाइल लूटने के बाद बाइक सवार अपराधी तेज गति से भाग रहे थे। शोरगुल पर स्थानीय लोगों ने पीछा किया। इसी दौरान भागने के क्रम में रेलिंग से उनकी बाइक टकरा गई और दोनों बदमाश पुल के नीचे गिर गए। लोगों की भीड़ जुटने के साथ ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि दोनों के पूर्व के रिकार्ड को खंगालकर सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने कहा कि लूटपाट करने के बाद भाग रहे दो बदमाश पकड़े जाने के भय से झपहां ओवरब्रिज से नीचे कूद गए। इसमें एक की मौत हो गई है। दूसरे घायल का इलाज चल रहा है। अपराधियों के पास से पिस्टल भी जब्त की गई है।  

chat bot
आपका साथी