अघोरिया बाजार में मॉल से 10 लाख की चोरी

शातिर चोरों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था को धता बताकर शनिवार की रात काजीमोहम्मदपुर थाना के अघोरिया बाजार आमगोला रोड स्थित वी टू मॉल का शटर का ताला काटकर नकदी समेत करीब 10 लाख की संपत्ति की चोरी कर ली। र

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 03:30 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 03:30 AM (IST)
अघोरिया बाजार में मॉल से 10 लाख की चोरी
अघोरिया बाजार में मॉल से 10 लाख की चोरी

मुजफ्फरपुर। शातिर चोरों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था को धता बताकर शनिवार की रात काजीमोहम्मदपुर थाना के अघोरिया बाजार आमगोला रोड स्थित वी टू मॉल का शटर का ताला काटकर नकदी समेत करीब 10 लाख की संपत्ति की चोरी कर ली। रविवार की सुबह एक स्टाफ द्वारा शटर टूटने की जानकारी मिली तो प्रबंधक वहां आए। इसके बाद फौरन पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि माल में लगे कैमरे के तार को कई जगहों पर काट दिया गया है। इसके कारण चोरों की पहचान नहीं हो सकी। दूसरी ओर चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के दुकानों में लगे सीसी कैमरे को भी पुलिस ने खंगाला। कोई साक्ष्य नहीं मिला। मामले में प्रबंधक अभय कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया गया कि अन्य दिनों की भांति माल बंद कर सभी कर्मी व प्रबंधक डेरा चले गए। इसी बीच देर रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जबकि मुख्य सड़क से कई बार पुलिस की रात्रि गश्ती गुजरती है। मगर पुलिस पदाधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस का कहना है कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि हाल के दिनों में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हुई। चोरों की गिरफ्तारी में पुलिस की तरफ से रुचि नहीं ली जा रही। नतीजा चोरों के हौसले बुलंद हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा कि मामला दर्ज कर पुलिस अपनी कार्रवाई समेट लेती है।

अधिवक्ता के घर से लाखों की चोरी : काजीमोहम्मदपुर थाना के आमगोला में अधिवक्ता के घर को चोरों ने निशाना बनाया। मामले में उनकी पत्‍‌नी पद्यरेखा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बताया गया कि महिला घर पर नहीं थी। किसी काम से वह गत पखवारे जमशेदपुर गई थी। घर की सुरक्षा सिक्यूरिटी गार्ड के हवाले किया था। बावजूद गत सप्ताह चोरी कर ली गई। बताया गया कि चोरों द्वारा कमरे में रखे आलमीरा से नकदी, जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ली गई। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी