दहलीज लांघ निकली महिलाएं, गांव की सरकार बनाने में पुरुषों से छह कदम आगे

मुंगेर। सदर प्रखंड में नौवें चरण के साथ जिले में सोमवार को पंचायत चुनाव संपन्न हो गया। आखिरी

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 08:31 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 08:31 PM (IST)
दहलीज लांघ निकली महिलाएं, गांव की सरकार बनाने में पुरुषों से छह कदम आगे
दहलीज लांघ निकली महिलाएं, गांव की सरकार बनाने में पुरुषों से छह कदम आगे

मुंगेर। सदर प्रखंड में नौवें चरण के साथ जिले में सोमवार को पंचायत चुनाव संपन्न हो गया। आखिरी चरण में आधी आबादी का सभी बूथों पर दबदबा रहा। मतदान केंद्रों पर महिलाएं घूंघट में बहू, सास और ननद के साथ वोट देने पहुंचीं। मतदान में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की मत प्रतिशत ज्यादा रहा। कुल मिलाकर यहां 63.13 प्रतिशत वोट पड़े, इसमें पुरुष 61.76 और 67.61 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। सुबह से ही नौवगाढ़ी, मय, कुतुलपुर सहित 13 पंचायतों में बने बूथों पर वोटरों की भीड़ रही। मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखा। वोट की चोट से मतदान का पर्व जय-जय हो गया। दूसरे प्रखंडों की तरह यहां भी आधी आबादी का दबदबा रहा। पंचायत की सरकार चुनने के लिए महिलाएं घर की दहलीज लांघकर मतदान केंद्र तक पहुंचीं। गांव की सरकार बनाने के लिए महिलाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। स्थिति यह रही कि अधिकतर बूथों पर पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की लंबी रही। नए युवा मतदाता, महिला-पुरुष के साथ साथ दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाता भी अपने मतदान को लेकर जागरूक दिखे। सभी ने उत्साहित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए डीएम नवीन कुमार, एसपी जग्गुनाथ रेड्डी जलारेड्डी व एसडीओ खुशबू गुप्ता सहित अन्य अधिकारी बूथों का जायजा लेते रहे। वोटरों से भी पूछताछ की। निरीक्षण के क्रम में पदधिकारी व मतदान कर्मी से मतदान संबंधी जानकारी ली तथा दिशा निर्देश भी दिए। संबंधित थानों के थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मी भी काफी चौकस रहे। दिन भर प्रशासन की वाहन सड़कों और गांवों में दौड़ती रही। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि जिले में आखिरी चरण का चुनाव शांतिपूर्ण रहा।

--------

दियारा में नहीं चली दबंगई

प्रखंड क्षेत्र के कुल 13 पंचायत में तीन पंचायत दियारा क्षेत्र में है। मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न हुआ। उत्साहित मतदाताओं को देखकर दबंग तबके के लोग घरों में दुबके रहे। पंचायत चुनाव में प्रशासनिक पदाधिकारियों के कड़े रुख को देखकर असामाजिक व उपद्रवी तत्व घर में ही रहना मुनासिब समझा। दियारा इलाके में घुड़सवार दस्ता भी चौकस दिखे। दियारे में कुछ दिन पहले हुई झड़प के बाद कई आशंका जताई जा रही थी, लेकिन मतदान के दिन ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला।

------

1352 प्रत्याशियों की किस्मत कैद

मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही सदर प्रखंड के 13 पंचायत चुनाव में दम ठोक रहे सभी 1352 प्रत्याशियों की किस्मत इलेक्ट्रानिक वोटिग मशीन व बैलेट बाक्स में कैद हो गई। इसके साथ ही उम्मीदवार अब एक दिन बाद बुधवार को होने वाली मतों की गिनती और उसके गुणा-गणित में जुट गए। हालांकि, अब इनकी किस्मत का ताला एक दिसंबर को खुलेगा। प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि मतदान संपन्न होने के बाद सभी ईवीएम को डायट सेंटर में बनाए गए वज्रगृह में सुरक्षित रख दिया गया। देर रात मतदान संपन्न कराने के बाद ईवीएम और बैलेट बाक्स को रखने की कवायद चलती रही। वज्रगृह में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। किसी की प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।

------

ऐसा बढ़ता गया मतदान का प्रतिशत

पंचायत चुनाव का मतदान प्रतिशत 10 बजे के बाद बढ़ने लगा। सुबह सात बजे से शुरू हुए मतदान शाम पांच बजे तक चला। प्रति घंटे मतदान का प्रतिशत बढ़ता रहा। सुबह सात से आठ तक छह प्रतिशत मतदान हुआ। आठ से नौ के बीच में 15 प्रतिशत वोट पड़े। नौ से 10 बजे तक 22 प्रतिशत। 10 से 11 से 30 प्रतिशत। दोपहर एक बजे के बाद प्रतिशत का आंकड़ा 40 प्रतिशत पहुंच गया। दो से तीन बजे तक 44 प्रतिशत रहा। शाम तक कुल वोट से सीधे 60 प्रतिशत पार कर गया। आखिरी के समय में मतदान का आंकड़ा 63.15 प्रतिशत रहा।

chat bot
आपका साथी