गम में डूबा विधायक मेवालाल चौधरी का गांव कमरगामा

मुंगेर। तारापुर प्रखंड के कमरगामा गांव में सोमवार का सूर्योदय गम का संदेशा लेकर आया। सूर्य

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 09:46 PM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 09:46 PM (IST)
गम में डूबा  विधायक मेवालाल चौधरी का गांव कमरगामा
गम में डूबा विधायक मेवालाल चौधरी का गांव कमरगामा

मुंगेर। तारापुर प्रखंड के कमरगामा गांव में सोमवार का सूर्योदय गम का संदेशा लेकर आया। सूर्य सरीखा गांव का मान बढ़ाने वाला गांव का लाल विधायक डॉ. मेवालाल चौधरी के निधन की खबरें गांव पहुंच गई थी। लोग विधायक आवास की ओर बढ़े चले जा रहे थे। विधायक के बड़े भाई अंबिका चौधरी आवास पर उदास बैठे थे। उनके आसपास दर्जनों और ग्रामीण भी। सबों की आखें नम थी। ग्रामीणों ने कहा कि विधायक बनने के बाद भी अधिकांश लोग उन्हें सर ही कह कर बुलाते थे। वे हर किसी से इतने अपनापन से मिलते थे कि सामने वाला उनका मुरीद हो जाता था। उनकी एक और विशेषता थी। वे कहीं भी जा रहे हों, कोई परिचित किसी स्थान पर मिल जाए या दिख जाए तो तुरंत अपने वाहन को रोक देते। उसका कुशल क्षेम पूछने के बाद ही आगे बढ़ते थे। अगर कोई उन्हे अपने यहां आमंत्रित कर दे, तो वे जरूर पहुंचते थे। इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश जैन के आवासीय कार्यालय में एनडीए कार्यकर्ताओं ने शोक सभा आयोजित कर स्व. डॉ. मेवालाल चौधरी को श्रद्धांजलि दी। जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जब भी डॉ. मेवालाल चौधरी से मुलाकात होती थी, तो वे काफी अपनापन का एहसास कराते थे। मैं उन्हें मामा जी कह कर बुलाता था। उनके निधन की खबर से स्तब्ध हूं। पूर्व विधायक विजय कुमार विजय ने डॉ. मेवालाल चौधरी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि मुंगेर ने एक कुशल नेता खो दिया। जब भी हमलोग मिलते थे, तो मुंगेर के विकास पर लंबी चर्चा होती थी।

======

पत्नी नीता चौधरी की भी असमय हुई थी मृत्यु

डॉ. मेवालाल चौधरी की पत्नी पूर्व विधायक नीता चौधरी की मृत्यु दो जून 2019 को हो गई थी। वह रसोई गैस सिलिडर में हुए रिसाव के कारण गंभीर रूप से झुलस गई थी। बाद में इलाज के दौरान दिल्ली के एक अस्प्ताल में उनका निधन हो गया। एक महीना पूर्व ही विधायक की मां का भी निधन हो गया था। डॉ. चौधरी राजनीति में आने से पहले बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति रहे थे। भारत सरकार के बागवानी आयुक्त के पद पर रह चुके थे। वे कृषि वैज्ञानिक भी थे। कृषि के क्षेत्र में उनका योगदान बेहतर था तथा कई पुरस्कार उन्हें मिले थे।

-----------------------------

विधायक के निधन पर लगा शोक का तांता

डॉ. मेवालाल चौधरी के निधन की खबर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक प्रकट करते हुए उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने की घोषणा की है। मंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी, सांसद चिराग पासवान, लोजपा के राष्ट्रीय सचिव मिथिलेश कुमार सिंह, पूर्व विधायक गणेश पासवान, राजद के पूर्व प्रत्याशी दिव्य प्रकाश, जिला परिषद सदस्य मंटू यादव, राजद के प्रदेश सचिव जितेंद्र कुशवाहा, कांग्रेस नेता अरुण कुमार यादव, मुखिया संघ के अध्यक्ष शशि कुमार सुमन, भाजपा नेता जयराम विप्लव, कुमार प्रणय, पूनम झा सहित पार्टी समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है तथा क्षेत्र सहित बिहार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

chat bot
आपका साथी