तीन माह से रिक्त है मुखिया का पद, विकास कार्य बाधित

मुंगेर। अनुमंडल के तारापुर प्रखंड अंतर्गत रामपुर विषय पंचायत के मुखिया मु इसराइल का निधन बीत

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 06:06 PM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 06:06 PM (IST)
तीन माह से रिक्त है मुखिया का पद, विकास कार्य बाधित
तीन माह से रिक्त है मुखिया का पद, विकास कार्य बाधित

मुंगेर। अनुमंडल के तारापुर प्रखंड अंतर्गत रामपुर विषय पंचायत के मुखिया मु इसराइल का निधन बीते 25 अगस्त को हो गया। तीन माह बाद भी पंचायत के उप मुखिया प्रकाश साह को विधिवत प्रभार नहीं मिलने से सभी प्रकार के विकास कार्य ठप हो गए हैं। मुखिया मु इसराइल के निधन के बाद चल रहे कार्य भी अधूरे पड़े हुए हैं।

इस संबंध में पंचायत के वार्ड सदस्य सुरेंद्र पासवान, अलका रानी, राजेश सिंह, प्रमोद मेहतर, लव ठाकुर, मु रियाज आदि ने कहा कि सरकारी नियमावली के आधार पर मुखिया का पद रिक्त होने के साथ पंचायत के उप मुखिया को शक्ति प्रदान हो जाती है। परंतु विभागीय अड़चन के कारण तीन महीना बीतने के बाद भी उप मुखिया को वित्तीय प्रभार नहीं मिल सका है। विधानसभा चुनाव के बाद 2021 के फरवरी माह से पंचायत चुनाव के कार्यक्रम घोषित हो सकते हैं। मुख्यमंत्री निश्चय योजना के तहत तथा 15 वें वित्त आयोग की अनुशंसा पर खर्च होने वाली राशि वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के माध्यम से होना है। पहले भी कई वार्ड समिति को योजना कार्य के लिए 60 प्रतिशत राशि दी जा चुकी है। परंतु अब शेष 40 प्रतिशत राशि नहीं मिलने से विकास कार्य बीच में ही रुक गया है। एक ओर सरकार के वरीय अधिकारी लगातार समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों को ससमय पूरा करने का दबाव बनाते हैं। दूसरी ओर पद रिक्त होने के बाद नई व्यवस्था होने तक सरकारी नियमावली के अनुसार भी उपमुखिया को वित्तीय प्रभार देने में अनावश्यक विलंब किए हुए हैं।

जिला परिषद सदस्य सह पूर्व जिप अध्यक्ष पिकी कुमारी, रालोसपा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुशवाहा, जिला पार्षद मंटू यादव, सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर चौधरी आदि ने पंचायत में विकास कार्यो को गति देने के लिए उपमुखिया को प्रभार देने की मांग की है।

इधर, बीडीओ श्यामकुमार ने कहा कि उनके स्तर से उपमुखिया को भौतिक एवं वित्तीय प्रभार देने का अनुरोध पत्र जिलाधिकारी को 27 अगस्त को ही भेजा गया है। डीएम के स्तर से आदेश मिलना है। आदेश मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी