मधुबनी में जलजमाव से शहर की मुख्य सड़क पर लगा जाम, घंटों रेंगते रहे वाहन

शहर की हालत सुधरने का नाम ही नहीं ले रही। हालात में थोड़ा सुधार होता नहीं कि बारिश होते ही स्थिति फिर से बिगड़ जाती है। बुधवार की दोपहर करीब दो घंटे की बारिश ने शहर के हालात फिर से बिगाड़ दिए हैं। शहर के मुख्य मार्ग पर जलजमाव से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 11:06 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 11:06 PM (IST)
मधुबनी में जलजमाव से शहर की मुख्य सड़क पर लगा जाम, घंटों रेंगते रहे वाहन
मधुबनी में जलजमाव से शहर की मुख्य सड़क पर लगा जाम, घंटों रेंगते रहे वाहन

मधुबनी । शहर की हालत सुधरने का नाम ही नहीं ले रही। हालात में थोड़ा सुधार होता नहीं कि बारिश होते ही स्थिति फिर से बिगड़ जाती है। बुधवार की दोपहर करीब दो घंटे की बारिश ने शहर के हालात फिर से बिगाड़ दिए हैं। शहर के मुख्य मार्ग पर जलजमाव से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुख्य सड़क पर घंटों वाहन रेंगते रहे। जलजमाव के कारण सड़क जाम की विकट स्थिति उत्पन्न हो गई। घंटों वाहनों की लंबी कतार सड़क पर लगी रही। बता दें कि शहर के थाना चौक से कोतवाली चौक तक केनाल निर्माण कार्य के कारण करीब एक किमी की दूरी में सड़क किनारे जलजमाव की समस्या बनी रहती है। मामूली बारिश के बाद हालत और खराब हो जाते है। सड़क पर जलजमाव के कारण वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। वाहनों की आवाजाही सुलभ बनाने के लिए कोई उपाय नहीं किया जा रहा है।

-------------

केनाल की ऊंचाई बढ़ने से प्रगतिनगर कॉलोनी में में नासूर बना जलजमाव :

तेज धूप के बीच दोपहर में बारिश से लोगों को गरमी से तो राहत मिली, मगर करीब दो घंटे की इस बारिश ने शहर में जलजमाव की पीड़ा को बढ़ा दिया। बारिश के बाद ही शहर के महिला कॉलेज रोड पर लोगों को जलजमाव की फजीहत झेलनी पड़ी। वहीं, विनोदानंद झा कॉलोनी में जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ गई। हल्की बारिश के बाद ही कॉलोनी के लोग परेशान हो गए हैं। कॉलोनी से सटे गोशाला मोहल्ले के लोगों के लिए जलजमाव सिरदर्द बना हुआ है। इधर, करीब एक माह से जलजमाव झेल रहे प्रगतिनगर की हालत खराब बनी है। बुधवार की बारिश कॉलोनी के लोगों के लिए पीड़ादायक साबित हुई। बता दें कि कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर केनाल की ऊंचाई बढा देने से कॉलोनी से जलनिकासी बाधित हो गई है। स्थानीय अमित कुमार, शंकर प्रसाद, गणेश कुमार ने बताया कि केनाल की ऊंचाई बढा देने से कॉलोनी से जलनिकासी के कोई उपाय नहीं किए जा रहे हैं। वहीं, शहर के रेडक्रॉस रोड पर करीब एक माह से जलजमाव से सड़क पूरी तरह जर्जर हो गया है। जलजमाव से जर्जर सड़क पर वाहनों की लगातार आवाजाही जगह-जगह गड्ढे में तब्दील हो गई है। जिससे दो पहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। पैदल चलने वाले लोग गड्ढे में गिर चोटिल हो रहे हैं।

--------------

एक माह से जलजमाव झेल रहे शहर के कई गली-मोहल्ले :

बता दें कि शहर के कई मोहल्ले बीते एक माह से जलजमाव झेल रहे है। गली-मोहल्ले में जलजमाव से लोग आजिज आ चुके हैं। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं, जलजनित रोगों व मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वार्ड 20 बाल्मीकि बस्ती में जलजमाव से लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। गदियानी चौक से बड़ा बाजार जाने वाली सड़क पर जलनिकासी के दावे ध्वस्त नजर आ रहे हैं। उप नगर आयुक्त अरुण कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र के जलजमाव वाले इलाकों से जल में कमी आई है। शहर के जाम नालों की सफाई के लिए सफाई एजेंसी को निर्देश दिया गया है, ताकि शहर से जलनिकासी सुविधा बहाल हो सके।

-------------------

chat bot
आपका साथी