निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के गायब पाए गए तीन शिक्षक

क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक दरभंगा ओम प्रकाश ने गुरुवार को अनुमंडल मुख्यालय के प्लस टू उच्च विद्यालय एवं प्रखंड संसाधन केन्द्र जयनगर का औचक निरीक्षण किया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 10:59 PM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 06:26 AM (IST)
निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के गायब पाए गए तीन शिक्षक
निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के गायब पाए गए तीन शिक्षक

मधुबनी। क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक दरभंगा ओम प्रकाश ने गुरुवार को अनुमंडल मुख्यालय के प्लस टू उच्च विद्यालय एवं प्रखंड संसाधन केन्द्र जयनगर का औचक निरीक्षण किया। उच्च विद्यालय में निरीक्षण में उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। इसमें तीन शिक्षक बिना सूचना के गायब पाए गए। वहीं चार शिक्षक दिन के एक बजे ही इन आउट उपस्थिति पंजी पर दर्शा कर गायब थे। उन्होंने सभी सात शिक्षक से स्पष्टीकरण पूछे जाने की बात कही। उन्होंने विद्यालय प्रबंध समिति के पंजी का भी अवलोकन किया। उपनिदेशक को विद्यालय में पदस्थापित शिक्षकों ने वरीयता का निर्धारण सही तरीके से नहीं किए जाने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को सही तरीके से वरीयता का निर्धारण करने का निर्देश दिया। इसके बाद उप निदेशक ने प्रखंड संसाधन केंद्र जयनगर का निरीक्षण किया। प्रखंड के डोरवार पंचायत के मध्य विद्यालय गोबराही में गबन के मामले का प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से जानकारी प्राप्त करते हुए अब तक हुए कार्रवाई के बाबत विस्तार से जानकारी प्राप्त की। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा यह बताए जाने पर कि मामला न्यायालय में लंबित है, उप निदेशक ने न्यायालय का फैसला आने तक इंतजार करने का निर्देश दिया। प्रखंड के बरही चातर टोला के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों द्वारा रास्ता बंद कर दिए जाने के कारण विद्यालय एक माह से अधिक समय से बंद रहने का मामला संज्ञान में आने पर उपनिदेशक ने तत्काल विद्यालय के छात्र छात्राओं को बगल के विद्यालय में समायोजित करने एवं विद्यालय में पदस्थापित चार शिक्षक शिक्षिका को प्रखंड संसाधन केन्द्र में योगदान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रखंड के रास्ता विहीन प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में रास्ता की व्यवस्था को लेकर अंचलाधिकारी को पत्र लिखे जाने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्लस टू उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक समेत अन्य शिक्षक एवं प्रखंड संसाधन केन्द्र पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी