मानसून की दस्तक से सहमे शहरवासी, बारिश में तैरने को तैयार शहर

मधुबनी। मानसून की दस्तक से शहरवासी सहम गए हैं। रविवार को मानसून का आगमन होते ही इसका अ

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 11:37 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 11:37 PM (IST)
मानसून की दस्तक से सहमे शहरवासी, बारिश में तैरने को तैयार शहर
मानसून की दस्तक से सहमे शहरवासी, बारिश में तैरने को तैयार शहर

मधुबनी। मानसून की दस्तक से शहरवासी सहम गए हैं। रविवार को मानसून का आगमन होते ही इसका असर भी दिखने लगा। रविवार सुबह से दोपहर तक जिले भर में रिमझिम बारिश होती रही। पूरे दिन आसमान में काले बादल मंडराते रहे। हालांकि, बीच में धूप भी खिलती रही। इधर, मौसम विभाग ने इस बार मानसून में अच्छी बारिश का अनुमान जताया है। शहरवासियों की मानें तो अच्छी बारिश उनके लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। शहरवासी भगवान से कम बारिश की कामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि तीन दिन की चक्रवाती बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था के साथ ही प्रशासन व नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी है। अगर मानसून के दौरान अच्छी बारिश हुई तो समझिए कि शहर तैरने के लिए तैयार है। हल्की बारिश में ही डूब जाते कई इलाके

आमतौर पर हल्की बारिश में ही शहर के कई इलाके डूब जाते हैं। मानसून पूर्व शहरी क्षेत्र के छोटे-बड़े नालों की सफाई में तेजी नहीं लाई गई। वाटसन, किग्स व राज केनाल की सफाई की गति धीमी रहने के कारण मानसून के दिनों में शहर को डूबने की आशंका को नकारा नहीं जा सकता है। जाहिर है कि जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी है। पिछले दिनों यास तूफान के दौरान शहर में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। कई दिनों तक शहर के संपूर्ण हिस्सों में जलजमाव की समस्या से लोग परेशान रहे। शहरवासियों में जलजमाव की समस्या को लेकर चिता बढ़ गई है।

-----------------

जलजमाव से शहर वासियों की बढ़ी समस्या :

शनिवार व रविवार की रात हल्की बारिश से शहर के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की समस्या बन गई है। शहर के प्रगतिनगर कॉलोनी, विनोदानंद झा कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, वार्ड पांच के गदियानी मोहल्ला सहित अन्य हिस्सों में जलजमाव है। बारिश से प्रगतिनगर कॉलोनी, शंकर चौक से मंहथीलाल चौक जाने वाली सड़क, संतुनगर चौक से नाका चौक तक, वार्ड चार के लोहरसारी चौक से संतुनगर चौक तक सड़क पर जलजमाव की समस्या बन गई है। लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। बाल्मीकि नगर के हनुमान मंदिर से पश्चिम पीसीसी सड़क पर करीब ढाई सौ फीट की दूरी तक पानी बह रहा है। यहां नाला निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया दो वर्षों से लंबित है। नगर निगम के उप नगर आयुक्त अरुण कुमार ने बताया कि जलजमाव से छुटकारा दिलाने के लिए केनालों की जगह-जगह सफाई कराई जा रही है। शहर के नालों की सफाई तेजी से कराई जा रही है।

------------------

इस बार भी पूरा ना हो सका स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट :

शहर को जलजमाव से निजात दिलाने के लिए स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट की गति धीमी रहने से इस वर्ष भी शहर को जलजमाव झेलना पड़ेगा। 117 करोड़ लागत वाली स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट का शिलान्यास तत्कालीन नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने एक मार्च 2019 को किया था। एग्रीमेंट के अनुसार 30 माह में निर्माण कार्य पूरा कर लेना था। मगर, शिलान्यास के बाद से ही कार्य की गति धीमी रही है। प्रोजेक्ट के तहत थाना चौक पर क्रांस ड्रेन निर्माण चल रहा है। शहर से सटे भच्छी में केनाल का पक्कीकरण कार्य जारी है। थाना चौक से कोतवाली चौक तक केनाल निर्माण की गति धीमी है। वहीं, शहर के स्टेडियम चौक से सूडी स्कूल चौक तक 1690 मीटर की दूरी में केनाल निर्माण कार्य अभी शुरू भी नहीं हो सका है।

-----------------------

chat bot
आपका साथी