जय माता दी के जयकारे के बीच प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

लखीसराय। नौ दिवसीय दुर्गोत्सव के बाद दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा को भावभ

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 12:01 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 12:01 AM (IST)
जय माता दी के जयकारे के बीच प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन
जय माता दी के जयकारे के बीच प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

लखीसराय। नौ दिवसीय दुर्गोत्सव के बाद दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी गई। शुक्रवार की रात से लेकर शनिवार की सुबह तक शहर के नया बाजार पचना रोड स्थित संसार पोखर में बड़ी देवी, छोटी देवी सहित अन्य दुर्गा प्रतिमाओं के अलावा भारत माता एवं काली माता की प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ निकले विसर्जन जुलूस में शामिल मंदिर कमेटी के सदस्य एवं श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे। संसार पोखर विसर्जन स्थल पर सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की टीमें डटी रही। एसडीपीओ रंजन कुमार, एसपी अभियान अमृतेश कुमार के साथ एसटीएफ डीएसपी, बीएसएफ के डीएसपी, कबैया थानाध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में बीएसएफ के जवान विसर्जन रूट पर भ्रमण करते रहे। विसर्जन परिसर में नगर परिषद के सभापति अरविद पासवान, जदयू जिला अध्यक्ष रामानंद मंडल, अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, डीएसपी मुख्यालय संजय कुमार कैंप करते रहे। स्थानीय पूर्व वार्ड पार्षद रंजीत राम की निगरानी में युवाओं की एक टीम ने प्रतिमा विसर्जन में सहयोग किया। संसार पोखर में पानी की अधिकता को देखते हुए नाव और गोताखोर की व्यवस्था की गई थी। मंदिर कमेटी के सदस्य और गोताखोरों के सहयोग से सभी प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित तरीके से किया गया। ----

पचना रोड मोड़ पर बड़ी देवी और छोटी देवी का हुआ मिलन

जिला प्रशासन के निर्धारित समय से आधा घंटा विलंब से शनिवार को दिन के 10:30 बजे शहर के नया बाजार पचना रोड मोड़ पर बड़ी देवी और छोटी देवी का मिलन हुआ। दोनों देवी का मिलन देखने के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। जय माता दी, दुर्गा माता की जयघोष से पूरा शहर भक्ति में डूब गया। लोग दुकान, मकान की छत पर, सड़क किनारे विसर्जन जुलूस देखने को आतुर थे। विसर्जन जुलूस संसार पोखर पहुंचा जहां भगवती की आरती कर भक्तों ने विदाई दी। दोपहर एक बजे बडी देवी और 1:45 बजे छोटी देवी की प्रतिमा विसर्जित हुई। इसके बाद अन्य प्रतिमाओं का विसर्जन बारी-बारी से पुलिस प्रशासन की निगरानी में किया गया। इस दौरान कबैया थाना की पुलिस और बीएसएफ के जवान पचना रोड में गश्ती करते रहे। जबकि थाना चौक एवं विद्यापीठ चौक की प्रतिमा का विसर्जन नगर परिक्रमा के बाद बालगुदर के पास हरूहर नदी में किया गया।

chat bot
आपका साथी