जिला मुख्यालय हुआ देवीमय, महिलाओं ने खोइंचा भरकर मांगी मनौती

लखीसराय। शक्ति की देवी मां दुर्गा की पूजा आराधना में भक्त तल्लीन हैं। जिले में हर तरफ शारदी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 07:01 PM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 07:01 PM (IST)
जिला मुख्यालय हुआ देवीमय, महिलाओं ने खोइंचा भरकर मांगी मनौती
जिला मुख्यालय हुआ देवीमय, महिलाओं ने खोइंचा भरकर मांगी मनौती

लखीसराय। शक्ति की देवी मां दुर्गा की पूजा आराधना में भक्त तल्लीन हैं। जिले में हर तरफ शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा पर्व को लेकर उत्साह परवान चढ़ने लगा है। बुधवार को महाष्टमी के दिन शक्ति स्वरूपा माता महागौरी की पूजा भक्तिभाव के साथ हुई। दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का दर्शन करने श्रद्धालु सुबह से ही पहुंचने लगे। मंदिरों में विधि विधान के साथ माता महागौरी की आराधना के साथ आरती की गई। गुरुवार को महानवमी के दिन माता सिद्धिदात्री की पूजा के साथ मंदिर परिसर व पूजा पंडालों में हवन पूजन, कन्या पूजन किया जाएगा। शुक्रवार को विजयादशमी है। देररात मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर भ्रमण के लिए निकलेगी। शहर के नया बाजार में बड़ी दुर्गा मंदिर, अस्पताल गली दुर्गा मंदिर, पुरानी बाजार छोटी दुर्गा मंदिर, थाना चौक स्थित शिव दुर्गा मंदिर, विद्यापीठ चौक स्थित महावीर दुर्गा मंदिर, बाजार समिति स्थित श्री नवयुवक दुर्गा पूजा समिति द्वारा स्थापित प्रतिमा देखने एवं पूजा करने श्रद्धालु उमड़े। महिलाओं ने खोईंचा भरकर भगवती से सुख समृद्धि की कामना की तथा मनौती मांगी। मंदिर और पूजा पंडालों में सुबह से दोपहर तक प्रतिनियुक्त महिला-पुरुष पुलिस कर्मी कहीं नजर नही आए। इस कारण काफी अव्यवस्था बनी रही। छोटी दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को सोने और चांदी के आभूषण के साथ फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने अपने परिवार के साथ बड़ी दुर्गा मंदिर जाकर पूजा आराधना कर भगवती से आशीर्वाद लिया। एसपी सुशील कुमार, एसडीपीओ रंजन कुमार, एसडीओ संजय कुमार ने भी दुर्गा मंदिरों में जाकर माथा टेका।

chat bot
आपका साथी