बड़हिया नगर के तीन वार्ड के बाढ़ पीड़ितों ने अंचल कार्यालय का किया घेराव

़फोटो- 22 एलएचके 6 7 नगर पंचायत की वार्ड संख्या एक नौ एवं 23 के दर्जनों लोगों ने मांगा बाढ़

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 07:10 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 07:16 PM (IST)
बड़हिया नगर के तीन वार्ड के बाढ़ पीड़ितों ने अंचल कार्यालय का किया घेराव
बड़हिया नगर के तीन वार्ड के बाढ़ पीड़ितों ने अंचल कार्यालय का किया घेराव

लखीसराय। गंगा एवं इसकी सहायक नदी हरूहर का जलस्तर बढ़ जाने के कारण बड़हिया नगर एवं प्रखंड में विगत माह बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया था। सरकार के आदेश पर नगर क्षेत्र के लोगों को पानी से निकालकर आश्रय स्थल पर रखा गया था। नगर, टाल एवं दियारा के लोगों के लिए राहत का इंतजाम भी किया गया। वहीं नगर पंचायत बड़हिया के वार्ड नंबर एक, नौ एवं 23 के लोगों का आरोप है कि उन्हें अब तक मुआवजा राशि का भुगतान नहीं हुआ है। काफी इंतजार के बाद उक्त तीन वार्ड के दर्जनों लोगों ने बुधवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सीओ के नहीं रहने पर बीडीओ से अपनी शिकायत दर्ज कराई। वार्ड संख्या एक के सामाजिक कार्यकर्ता संजीत कुमार एवं रामकुमार के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ित महिलाएं हाथ में झाड़ू लेकर अंचल कार्यालय पहुंची थी और आक्रोश जाहिर कर रही थी। मुनिया देवी, दयमंती देवी, पिकी देवी, लीलावती देवी, गुड़िया देवी, साबो देवी, सकुनी देवी, खीरा देवी, रेशमा देवी आदि ने बताया कि बाढ़ से वे लोग पिछले माह घिरे रहे। घरों में बाढ़ का पानी घुस गया था। घर में रखा सारा खाद्यान्न, मवेशी का भूसा चारा सभी पानी में डूब गया था। घर में खाने पीने का सामान नहीं बचा था। मवेशियों को रखने का जगह नहीं थी। हमलोगों को मजबूरन राहत शिविर में आश्रय लेना पड़ा था। प्रयासन की ओर से जब राहत राशि दी जाने लगी तो 24 वार्ड में से मात्र सात वार्डों के पीड़ितों की सूची पास की गई। वार्ड संख्या एक, नौ एवं 23 के पीड़ितों को छोड़ दिया गया। लोग सीओ कार्यालय के आगे बैठ गए और कहने लगे कि जब तक सूची में नाम नहीं जुड़ेगा वे लोग यहां से नहीं जाएंगे। प्रभारी सीओ दिलीप कुमार की गैरमौजूदगी में बीडीओ विनय कुमार सिंह ने पीड़ितों को सांत्वना देते हुए कहा कि आपकी समस्या का निबटारा किया जाएगा। सूची वार्ड स्तर पर तैयार करके, उसका अनुमोदन करवाकर अंचल कार्यालय में जमा हो जाने के बाद जो भी सरकारी सहायता होगी वह दी जाएगी। बीडीओ के आश्वासन पर सभी बाढ़ पीड़ित अपने घर चले गए। प्रभारी सीआइ रामवृक्ष प्रसाद ने बताया कि सीओ के निर्देश पर तत्काल वार्ड संख्या एक, नौ एवं 23 के पीड़ितों की सूची बनाने के लिए पत्र निर्गत किया गया है। भूलवश उक्त तीनों वार्डों के पीड़ितों का नाम पहले की जारी सूची में छूट गया था।

chat bot
आपका साथी