गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

लखीसराय। आषाढ़ माह के पवित्र गुरु पूर्णिमा पर रविवार को हजारों की संख्या में महिला एवं पु

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 06:57 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 06:57 PM (IST)
गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी
गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

लखीसराय। आषाढ़ माह के पवित्र गुरु पूर्णिमा पर रविवार को हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़हिया कालेज गंगा घाट सहित प्रखंड के जैतपुर, खुटहाडीह, चेतन टोला आदि गंगा घाटों में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने मां बाला त्रिपुर सुंदरी जगदंबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का आशीष ग्रहण किया। अल सुबह से ही लखीसराय, शेखपुरा, जमुई सहित अन्य कई जिला से गुरु पूर्णिमा को लेकर गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालु बड़हिया पहुंचने लगे थे। आटो, जीप, बाइक, टाटा मैक्सी आदि वाहनों से हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा स्नान करने के लिए गंगाघाट पहुंची। बड़हिया कालेज गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का आना दोपहर तक जारी रहा। गंगा स्नान करने आए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के भीड़ से बड़हिया बाजार दिनभर व्यस्त रहा। श्रीकृष्ण चौक से लेकर जगदंबा पथ एवं कॉलेज रोड में दिनभर अफरा तफरी का माहौल रहा। वाहनों के दबाव से दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। काफी समय तक कालेज रोड में जाम लगा रहा। जाम के कारण लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था। बड़हिया नगर की वार्ड संख्या 19 निवासी शैलेंद्र सिंह एवं इंदुपुर निवासी संजय कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग लगभग 1,625 कन्याओं ने गंगा घाट पर कलश में जल भरकर श्रीकृष्ण चौक, थाना चौक के रास्ते गाजे बाजे के साथ बिदी सिंह शिवालय इंदुपुर में शिवलिग पर जलाभिषेक किया। जानकारी हो कि शोभा यात्रा में शामिल कन्याओं से 150 रुपये प्रति कन्या चंदा लिया गया था। बदले में उन्हें मिट्टी का कलश, पट्टी एवं चुनरी दिया गया। कोरोना काल से पूर्व शैलेंद्र सिंह एवं संजय सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कन्याएं कालेज गंगा घाट से जल भरकर कलश यात्रा के साथ अशोक धाम पहुंचकर इंद्रदमनेश्वर महादेव का जलाभिषेक करती थीं।

chat bot
आपका साथी