युवाओं व महिलाओं को मतदान के लिए किया जा रहा जागरूक
संवाद सूत्र किशनगंज मतदाता जागरुकता अभियान के तहत महिलाएं और युवा मतदाताओं के बीच विशेष
संवाद सूत्र, किशनगंज: मतदाता जागरुकता अभियान के तहत महिलाएं और युवा मतदाताओं के बीच विशेष रूप से जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका के माध्यम से गुरुवार को किशनगंज व ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र में मतदाताओं की शत प्रतिशत भागीदारी हेतु अभियान चलाया गया।
जिसमें आंगनबाड़ी सेविका व सहायिकाओं के द्वारा केंद्र पर बैठक कर मतदाताओं को प्रेरित किया गया। आयोग द्वारा निर्धारित कोविड 19 प्रोटोकॉल की जानकारी भी दी गई। सुगम व सुरक्षित मतदान हेतु चुनाव आयोग के निर्देशों की चर्चा की गई। साथ ही मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विभिन्न स्लोगन वाले आकर्षक मेहंदी के माध्यम से मताधिकार प्रयोग का संदेश दिया गया। रंगोली के माध्यम से लोकतंत्र में मताधिकार का महत्व समझाते हुए सेविकाओं और सहायिकाओं ने स्थानीय निवासियों से शत प्रतिशत मत प्रयोग करने का अनुरोध किया। रंगोली व मेहंदी कार्यक्रम से स्थानीय मतदाताओं में काफी उत्साह दिखने लगा है।