69 पुलिस अधिकारियों के जिम्मे 239 का कामकाज

किशनगंज। जिला सीमावर्ती क्षेत्र से सटे और संवेदनशील होने के बावजूद पुलिस पदाधिकारियों की कम

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 06:28 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 06:28 PM (IST)
69 पुलिस अधिकारियों के जिम्मे 239 का कामकाज
69 पुलिस अधिकारियों के जिम्मे 239 का कामकाज

किशनगंज। जिला सीमावर्ती क्षेत्र से सटे और संवेदनशील होने के बावजूद पुलिस पदाधिकारियों की कमी से जूझ रहा है। जिला में स्वीकृत पुलिस पदाधिकारी के पद में से सिर्फ एक तिहाई पुलिस पदाधिकारी की तैनाती है, बाकी पद रिक्त है। ऐसे में पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष का मजबूत नेतृत्व ही निचले स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों की कमी को दूर कर क्राइम कंट्रोल के साथ विधि व्यवस्था को दुरुस्त बनाए हुए है। अन्यथा पुलिस पदाधिकारियों की कमी की स्थिति यह है कि 69 पुलिस पदाधिकारी के जिम्मे 239 पुलिस पदाधिकारी का कामकाज है। इस कमी को दूर करने में एसपी का क्राइम कंट्रोल और विधि व्यवस्था संधारण के लिए मजबूत रणनीति काफी कारगर साबित हो रहा है।

सीमांचल का यह जिला बंगाल, नेपाल और बांग्लादेश से सटा हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर बिहार से लेकर देश स्तर पर हर किसी की निगाहें यहां टिकी रहती है। तस्करी और घुसपैठ जैसा मामला यहां अक्सर सामने आते रहता है। यहां की हर गतिविधि पर पुलिस और प्रशासनिक विभाग के वरीय अधिकारी नजर रखते हैं। लेकिन आधुनिकता के दौर में हाइटेक हो रहे बिहार पुलिस में पदाधिकारियों की संख्या और संसाधन की कमी कहीं ना कहीं सीमावर्ती जिला के पुलिस पदाधिकारी के लिए चुनौती है। आंकड़े पर गौर करें तो जिला में स्वीकृत 239 पुलिस अवर निरीक्षक के पद में सिर्फ 69 पदाधिकारी ही तैनात हैं। इसके अलावा 170 पद रिक्त है। पुलिस निरीक्षक के पद को देखें तो 12 पद में से सिर्फ छह की संख्या में नियुक्ति है। बाकी के छह पद अभी भी रिक्त है। इसमें भी एक पुलिस निरीक्षक निलंबित हैं तो दूसरे पर विभागीय कार्यवाही चल रही है। सिर्फ चार पुलिस निरीक्षक के बदौलत जिला में 12 पुलिस निरीक्षक का कामकाज संभाला जा रहा है। वहीं पुलिस बल की संख्या भी स्वीकृति के अपेक्षा कम है।

======

अनुसंधान और विधि व्यवस्था बनाए रखना चुनौती

जिला में पुलिस पदाधिकारियों की कमी के कारण पुलिस विभाग का काम चुनौतीपूर्ण है। पुलिस पदाधिकारी की कमी के कारण अनुसंधान इकाई और विधि व्यवस्था इकाई दोनों पर काम का बोझ बना रहता है। वरीय पुलिस पदाधिकारी के गाइडलाइन और देखरेख में कम पदाधिकारी और संसाधन के बीच कामकाज को निष्पादित कर किशनगंज पुलिस लोगों के बीच भरोसा कायम किए हुए है।

======

पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की समीक्षा कर मुख्यालय को रिपोर्ट भेजा गया है। मुख्यालय से पुलिस पदाधिकारी स्वीकृत होते ही पुलिसकर्मियों की कमी दूर कर और बेहतर तरीके से काम किया जाएगा।

सुरेश प्रसाद चौधरी, आइजी, पूर्णिया

=======

जिला में कम पुलिस पदाधिकारी के बदौलत बेहतर तरीके से हर कार्य को निष्पादित किया जा रहा है। तैनात पुलिस पदाधिकारी को ही प्रोत्साहित कर काम लिया जा रहा है। ऐसे में पुलिस पदाधिकारी की हर समस्या का ध्यान रखा जाता है। वरीय पदाधिकारी को पुलिस पदाधिकारियों की कमी के संबंध में अवगत कराया गया है।

कुमार आशीष, एसपी, किशनगंज

chat bot
आपका साथी