पंचायत चुनाव को लेकर सीमा पर बरती जा रही है विशेष चौकसी
किशनगंज। आगामी 20 अक्टूबर को किशनगंज प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। चुनाव से 48 घंटे पूर्व जिले से लगने वाली सभी सीमाओं को सील कर दिया जाएगा।
किशनगंज। आगामी 20 अक्टूबर को किशनगंज प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। चुनाव से 48 घंटे पूर्व जिले से लगने वाली सभी सीमाओं को सील कर दिया जाएगा। एसपी कुमार आशीष ने कहा कि सुरक्षा को लेकर सीमावर्ती थानाध्यक्षों को विशेष रूप से चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस के द्वारा नेपाल सीमा पर एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित कर चेकिग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही चेक पोस्टों में भी सघन चेकिग अभियान चलाया जा रहा है। ताकि शराब तस्करी पर पूर्णतया रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए किशनगंज पुलिस कृत संकल्पित है। मतदान में बाधा डालने वाले लोगों को पूर्व से ही चिन्हित किया गया है। जिसमे डेढ़ सौ से ज्यादा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। चार हजार से ज्यादा लोगों के विरुद्ध 107 की कार्रवाई की गई है। दो हजार से ज्यादा ने बंधपत्र भी भर दिया है। चुनाव के दौरान कुछ असामाजिक तत्व जिले की शांति व्यवस्था को भंग करने का कुत्सित प्रयास कर सकते हैं। इसके लिए सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए विशेष सेल का गठन किया गया है। विशेष सेल सोशल मीडिया की सभी गतिविधियों पर अभी से नजर रख रही है। चुनाव के दौरान सभी बूथों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की जाऐगी। चुनाव के दौरान गड़बड़ी करनेवालों से पुलिस कड़ाई से निपटेगी। एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी को सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया है। सुरक्षा को लेकर होटलों में भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी संदिग्ध के होटल में ठहरने की स्थिति में तुरंत ही पुलिस को सूचना देने का निर्देश होटल प्रबंधक को दिया गया है। चाक चौबंद सुरक्षा के बीच पंचायत चुनाव सं पन्न करवाया जायेगा। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराये जाने को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया है।