राशन के लिए चक्कर लगाने को डीलर विवश

जागरण संवाददाता, खगड़िया : आपूर्ति विभाग के आइटी मैनेजर कोमल झा पर डीलरों का एसआइओ रोककर रखने का आरोप

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 07:09 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 07:09 PM (IST)
राशन के लिए चक्कर लगाने को डीलर विवश
राशन के लिए चक्कर लगाने को डीलर विवश

जागरण संवाददाता, खगड़िया : आपूर्ति विभाग के आइटी मैनेजर कोमल झा पर डीलरों का एसआइओ रोककर रखने का आरोप है। सूत्रों की मानें तो चढ़ावा चढ़ाने के बाद ही डीलरों को राशन आवंटन के लिए स्वीकृति दी जाती है। बेलदौर के डीलर विमल कुमार द्वारा बीते 25 तारीख को पेमेंट कर देने के बाद भी 27 नवंबर की शाम छह बजे तक अनाज आवंटन की स्वीकृति रोककर रखी गई थी। उनसे कहा गया कि तकनीकी खराबी के कारण पेमेंट शो नहीं कर रहा है। जब मामला तूल पकड़ा तो शाम छह बजे के बाद आवंटन की स्वीकृति दी गई। विमल कुमार ने बताया कि सबसे पहले उनके द्वारा अनाज आवंटन के लिए पेमेंट किया गया। बावजूद उनको स्वीकृति देने में विलंब किया जा रहा था। 20 दिनों के अंदर अनाज बांटना होता है। ऐसे में लाभार्थी वंचित रह जाएंगे। उनकी माने तो अधिकारियों से शिकायत बाद भी कार्रवाई नहीं होती है। कहा कि बार-बार उन्हें कार्यालय बुलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि आइटी मैनेजर के द्वारा डीलरों को कार्यालय आकर मिलने के लिए विवश कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि बैंक चालान और बैंक स्टेटस दोनों भेजने के बाद भी 27 नवंबर की शाम तक उन्हें एसआइओ स्वीकृत होने का मैसेज नहीं मिल पाया था। लेकिन जब मामला तूल पकड़ा तो शाम को छह बजे के बाद उन्हें स्वीकृति का मैसेज आया। उन्होंने एक अन्य डीलर विद्यानंद महतो का हवाला देते हुए बताया कि पेमेंट करने के बाद भी उक्त डीलर का एसआइओ प्रिट पर शून्य बता रहा था। जिसके बाद उक्त डीलर आइटी मैनेजर से मिले। उन्होंने दोबारा पेमेंट किया। दोबारा पेमेंट होने के तुरंत बाद नवंबर माह का भी, जो पूर्व में पेमेंट किया था, वह भी दिखने लगा। डीलर विद्यानंद महतो ने एक साथ नवंबर और दिसंबर माह के अनाज आवंटन का पेमेंट कर दिया। विद्यानंद महतो को आइटी मैनेजर ने दिसंबर माह के अनाज आवंटन के लिए चालान नहीं लगाने को कहा है। कहा है कि दिसंबर माह का भी उन्हें चालान काट कर दे दिया जाएगा। तकनीकी खराबी के कारण दिक्कत हुई है।

----- कोट

इस तरह का कोई मामला मेरे पास तो नहीं आया है। अगर लेनदेन की कोई भी बात सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई होगी। वैसे आगे से इसमें और अधिक पारदर्शिता लाने का प्रयास किया जाएगा। डीलरों को कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। एसआइओ आनलाइन होता है। डीलरों तक माल पहुंचाने की जवाबदेही विभाग की है। बावजूद डीलर कार्यालय का चक्कर लगाते हैं तो उसमें उनकी गलती है। इस तरह के मामले में जब भी डीलरों से सवाल किया जाता है तो वह टालमटोल कर निकल जाते हैं।

- नवाजिश अख्तर, जिला आपूर्ति प्रबंधक

chat bot
आपका साथी