खगड़िया: भारत बंद का दिखा खगड़िया में मिला-जुला असर

तीन कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आहूत भारत बंद का जिला मुख्यालय में मिला-जुला असर रहा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 11:53 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 11:53 PM (IST)
खगड़िया: भारत बंद का दिखा खगड़िया में मिला-जुला असर
खगड़िया: भारत बंद का दिखा खगड़िया में मिला-जुला असर

खगड़िया। तीन कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आहूत भारत बंद का जिला मुख्यालय में मिला-जुला असर रहा। सुबह से ही बंद समर्थक अलग-अलग जत्थे में सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बंद के समर्थन में भाकपा, माकपा, राजद, कांग्रेस, स्वराज इंडिया, भाकपा माले(लिबरेशन), भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह में शहर की अधिकांश दुकानें बंद रही। आवागमन भी बाधित रहा। बंद समर्थकों ने शहर की हृदय स्थली राजेंद्र चौक के पास सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित कर दिया। यहां कांग्रेस विधायक छत्रपति यादव, जिलाध्यक्ष कुमार भानु प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान आदि सड़क पर ही दरी बिछाकर बैठ गए।

बंद समर्थकों ने एनएच-31 को खगड़िया बस पड़ाव के पास जाम कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक एनएच-31 जाम रहा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बंद के समर्थन में अलौली विधायक रामवृक्ष सदा, वरिष्ठ भाकपा नेता प्रभाशंकर सिंह, माकपा जिला सचिव संजय कुमार, पूर्व नगर सभापति और राजद नेता मनोहर कुमार यादव, राजद जिलाध्यक्ष कुमार रंजन 'पप्पू,' भाकपा माले(लिबरेशन) के सुभाष सिंह, प्राणेश कुमार, युवा राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव, संजय कुशवाहा, राजद नेता प्रफुल्ल चंद घोष, चंद्रशेखर कुमार, दीपक चंद्रवंशी आदि सक्रिय नजर आए। इस मौके पर बंद समर्थक नेताओं ने कहा कि जबतक तीनों कृषि कानून वापस नहीं लिया जाएगा तबतक आंदोलन जारी रहेगा। केंद्र सरकार खेती-किसानी को कारपोरेट को सौंपने की साजिश कर रही है। जिसे देश के किसान सफल नहीं होने देंगे।

प्रदर्शनकारियों ने एनएच-31 को डेढ़ घंटे तक रखा जाम। केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी।

chat bot
आपका साथी