खगड़िया में डीएम ने सामुदायिक रसोइयों का लिया जायजा

खगड़िया जिले की 53 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित है। दो लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 22 Aug 2021 11:23 PM (IST) Updated:Sun, 22 Aug 2021 11:23 PM (IST)
खगड़िया में डीएम ने सामुदायिक रसोइयों का लिया जायजा
खगड़िया में डीएम ने सामुदायिक रसोइयों का लिया जायजा

खगड़िया। खगड़िया जिले की 53 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित है। दो लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। बाढ़ पीड़ितों के लिए दो राहत कैंप और कई सामुदायिक रसोई चलाए जा रहे हैं। रविवार को डीएम आलोक रंजन घोष ने गोगरी अंचल के बाढ़ ग्रस्त पंचायतों बन्नी, झिटकिया, बोरना और रामपुर में संचालित सामुदायिक रसोइयों का भ्रमण किया और वहां दाल-चावल एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता को परखा। उसे संतोषजनक पाया।

डीएम ने रामपुर में दो सामुदायिक रसोई, झिटकिया में एक सामुदायिक रसोई, बोरना में एक सामुदायिक रसोई और बन्नी में चल रहे तीन सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। इन रसोइयों में बाढ़ प्रभावित पंचायतों के लोग भोजन प्राप्त कर रहे हैं। डीएम ने लोगों से भी भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य राहत कार्यों के संबंध में फीडबैक लिया। लोगों ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता अच्छी है। अधिकतर लोगों को जीआर राशि उनके बैंक खाते में हस्तांतरित हो चुकी है। कुछ लोगों ने अपना नाम सूची में न रहने के संबंध में जानकारी दी। इस पर डीएम ने अंचलाधिकारी गोगरी को छूटे हुए लोगों का नाम जोड़कर सूची अग्रसारित करने का निर्देश दिया। जिला स्तर पर कोई विलंब नहीं किया जा रहा है और त्वरित कार्रवाई करते हुए जीआर राशि का भुगतान कराया जा रहा है। अधिकांश लोगों को पालीथिन शीट उपलब्ध करा दिया गया है, फिर भी कुछ लोगों ने पालिथीन शीट न मिलने की शिकायत की। डीएम ने बताया कि जिले को पालीथिन शीट प्राप्त होते ही छूटे हुए लोगों के बीच इसको वितरित करा दिया जाएगा। रामपुर में पशुचारा के वितरण के संबंध में भी लोगों ने अनुरोध किया। जिस पर डीएम ने वहां पर पशुचारा वितरण का निर्देश भी दिया। लोगों ने तेजी से बाढ़ के पानी के उतरने की जानकारी दी।

ये थे मौजूद इस अवसर पर अपर समाहर्ता शत्रुंजय कुमार मिश्रा, गोगरी एसडीओ सुभाष चंद्र मंडल, आपदा प्रबंधन प्रभारी टेशलाल सिंह, वरीय उप समाहर्ता चंदन कुमार, गोगरी सीओ राजन कुमार और गोगरी बीडीओ अजय कुमार भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी