खगड़िया में सत्यनाराण सिंह की पुण्यतिथि पर नेताओं का लगा जमघट

स्मृतिशेष पूर्व विधायक व प्रसिद्ध सीपीआई नेता सत्यनारायण सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव कैथी स्थित कैथी हटिया में सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 12:06 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 12:06 AM (IST)
खगड़िया में सत्यनाराण सिंह की पुण्यतिथि पर नेताओं का लगा जमघट
खगड़िया में सत्यनाराण सिंह की पुण्यतिथि पर नेताओं का लगा जमघट

खगड़िया। स्मृतिशेष पूर्व विधायक व प्रसिद्ध सीपीआई नेता सत्यनारायण सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव कैथी स्थित कैथी हटिया में सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर सीपीआई के राष्ट्रीय महासचिव डी. रजा, राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान, छात्र-युवा नेता डा. कन्हैया कुमार, सीपीआई के प्रभारी राज्य सचिव रामनरेश पांडे मौजूद थे।

कार्यक्रम से पूर्व सभी नेताओं ने स्मृतिशेष पूर्व विधायक सत्यनारायण सिंह के पैतृक आवास पर स्व. सत्यनारायण सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद राष्ट्रीय महासचिव डी. रजा व सचिव अतुल कुमार अंजान ने कैथी हाट के समीप संयुक्त रूप से स्मारक स्थल का पर्दा हटाकर शिलान्यास किया। तत्पश्चात सभा स्थल पर पार्टी का झंडोत्तोलन किया गया। स्व. सत्यनारायण सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इंसेट

मोदी सरकार जनविरोधी है: डी. रजा

पूर्व विधायक स्व. सत्यनारायण सिंह की पहली पुण्यतिथि पर कैथी हाट में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता सीपीआई के जिलामंत्री प्रभाकर प्रसाद सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने स्व. सिंह की उपलब्धियों के बारे में लोगों को जानकारी दी। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी. रजा ने कहा कि सत्यनारायण सिंह हमेशा मजबूत सीपीआई को देखना चाहते थे। उन्होंने इसके लिए दिन-रात मेहनत की। उन्होंने कहा कि वे मजदूरों, किसानों व भूमिहीनों की आवाज थे। सत्यनारायण सिंह राष्ट्रीय स्तर के नेता थे। उन्होंने केंद्र सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि मोदी सरकार जनविरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि आरएसएस के इशारे पर मोदी सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस व पेगासस दोनों भारत के लिए खतरा है। बीजेपी सरकार को हटाने की अपील की। इंसेट

किसानों व भूमिहीनों को हक दिलाने में अहम भूमिका निभाई: अतुल कुमार अंजान

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सीपीआई के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान ने कहा कि स्व. सत्यनारायण सिंह सभी वर्गों के कमजोर लोगों के अधिकारों के लिए हमेशा लड़ते रहे। मजदूरों व किसानों को बड़े स्तर पर हक दिलाने का कार्य किया। जमींदारी प्रथा के विरुद्ध आवाज बनकर उभड़े। हजारों भूमिहीनों को बसाने के लिए जान दांव पर लगाने का काम किया। वे हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इंसेट

शोषितों व वंचितों की आवाज थे सत्यनारायण सिंह: कन्हैया

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए चर्चित छात्र नेता डा. कन्हैया कुमार ने कहा कि पूर्व विधायक स्व. सत्यनारायण सिंह शोषितों व वंचितों की आवाज थे। सीधे व सपाट लहजे में अपनी बातें पदाधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच रखते थे। डा. कन्हैया कुमार ने कहा कि जब कोरोना की पहली लहर आई, तब सभी लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे। लेकिन सत्यनारायण बाबू अपनी गाड़ी से लोगों के बीच हाल-चाल जानने के लिए घूमते रहे। लेकिन अंत में कोरोना की वजह से ही उनकी मौत हो गई। कहा, सत्यनारायण बाबू अपनी अमिट छाप छोड़ गए हैं। वे हमेशा पार्टी के लिए जिए और पार्टी के लिए अमर हो गए। डा. कन्हैया कुमार ने केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि देश विषम परिस्थितियों से गुजर रही है। जिसे बचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार पर से गरीबों व कमजोर तबके के लोगों का भरोसा समाप्त हो रहा है। इस सरकार में पूंजीपतियों की चांदी है। सभा को प्रभारी राज्य सचिव रामनरेश पांडे, ओमप्रकाश यादव, पुनित मुखिया, तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह, बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान, छत्रपति यादव आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर स्मृतिशेष सत्यनारायण सिंह के जीवन पर आधारित किताब का भी विमोचन किया गया।

chat bot
आपका साथी