सोच-समझ कर करेंगे मतदान, ताकि बाद में पछताना नहीं पड़े

खगड़िया। अब हर जगह पंचायत चुनाव की ही चर्चा हो रही है। गांव-घरों में चौपाल लगने लगा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 12:41 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 12:41 AM (IST)
सोच-समझ कर करेंगे मतदान, ताकि बाद में पछताना नहीं पड़े
सोच-समझ कर करेंगे मतदान, ताकि बाद में पछताना नहीं पड़े

खगड़िया। अब हर जगह पंचायत चुनाव की ही चर्चा हो रही है। गांव-घरों में चौपाल लगने लगा है। चौपाल पर पंचायत चुनाव की चर्चा चकल्लस लेकर हो रही है। बतरस में गांव डूब चुका है। खजरैठा पंचायत में 29 सितंबर को मतदान है। इसलिए यहां चुनावी चर्चा जोरों पर है। पंचायत की मथुरापुर गांव में मंगलवार को शंकर सिंह के दरवाजे पर चौपाल जम गया। देखते ही देखते लोग चुनावी रंग में रंग गए। सड़क, नाला-नाली, नल जल की चर्चा होने लगी। निवर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों की कुंडली खंगाली जाने लगी और नए प्रत्याशियों का लेखा-जोखा होने लगा। नित्यानंद सिंह ने कहा कि, सुख-दुख में जो रहेंगे साथ उनकी ही बनेगी बात। पंचायत को सही मार्ग पर ले जाने की जरूरत है। नित्यानंद सिंह की बात पर पप्पू कुमार सिंह ने 'टीप' दिया, अभी तो ढेर सारे लोग खड़े हैं। सभी मीठी-मीठी बात करते हैं। लेकिन जीतने के बाद कैसे मन मिजाज बदल जाता है, यह भी तो देखना है। पप्पू सिंह को संबोधित करते हुए चंद्र भूषण सिंह बोल उठे, अभी तो समय है, ठोक- बजाकर देख लीजिए। सोच-समझकर मतदान कीजिए। नहीं तो पांच साल पछताना होगा। श्रीराम सिंह ने कहा कि जात-पात पर मत जाइए, विकास पर मुहर लगाइए। शैलेंद्र चौधरी और मिथिलेश सिंह ने कहा कि अब पंचायत में फंड की कमी नहीं रहती है। अगर पंचायत प्रतिनिधियों की मजबूत इच्छाशक्ति हो और सही ढंग से काम हो, तो विकास हर जगह दिखेगा। एसडीओ ने लिया ईवीएम सिलिग कार्य का जायजा

खगड़िया। प्रखंड के आइटी भवन में ईवीएम सिलिग कार्य का जायजा एसडीओ अमन कुमार सुमन, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मु. शफीक आलम ने मंगलवार की संध्या लिया। एसडीओ ने बताया कि सिलिग कार्य में 40 टेबल पर प्रतिनियुक्त किए गए कर्मियों का योगदान हो चुका है। टेबल पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी के अतिरिक्त मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं। उन्होंने बीडीओ अखिलेश कुमार से वज्रगृह स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। कहा, वज्रगृह के गेट पर 24 घंटे मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती हो चुकी है। इस मौके पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीसीओ अखिलेश कुमार, रंजन कुमार दास, इंद्रदेव प्रसाद सिंह आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी