चौथम की 13 पंचायतों में मतदान आठ दिसंबर को

चौथम प्रखंड की सभी 13 पंचायतों में विभिन्न पदों को लेकर आगामी आठ दिसंबर को मतदान होना है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 05:46 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 05:46 PM (IST)
चौथम की 13 पंचायतों में मतदान आठ दिसंबर को
चौथम की 13 पंचायतों में मतदान आठ दिसंबर को

संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया): चौथम प्रखंड की सभी 13 पंचायतों में विभिन्न पदों को लेकर आगामी आठ दिसंबर को मतदान होना है। जिसमें विभिन्न पदों से भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला एक लाख पांच हजार 799 मतदाता करेंगे। पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। जिला निर्वाचन द्वारा चौथम प्रखंड को ईवीएम भी उपलब्ध कराई जा चुकी है।

प्रखंड क्षेत्र में वाहनों की जांच की जा रही है। चौथम प्रखंड में मतदाताओं की कुल संख्या एक लाख पांच हजार 799 है। जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 50,068 व पुरुष मतदाताओं की संख्या 55,725 व अन्य मतदाताओं की संख्या छह हैं। प्रखंड की सभी 13 पंचायतों में कुल 183 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें छह सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ उषा कुमारी ने बताया कि प्रखंड के दियारा इलाके में कुल 55 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बीडीओ ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों के लिए लगभग 14 सौ मतदान कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रखंड में 13 मुखिया, 13 सरपंच, 175 वार्ड, 133 पंच एवं 18 पंचायत समिति सदस्य व दो जिला परिषद पद के लिए चुनाव होना है। चौथम प्रखंड में 43 पंच व एक वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध घोषित किए जा चुके हैं।

------ चौथम में 158 मतदान केंद्र अति संवेदनशील व 23 संवेदनशील

पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारी चरम पर है। प्रखंड में आठ दिसंबर को मतदान होना है। बीडीओ उषा कुमारी ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए 158 अति संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 23 संवेदनशील, दो सामान्य मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में 183 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बीडीओ ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में बूथ संख्या 130 व 140 को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा चुनाव को लेकर 13 सेक्टर, 96 पीसीसीपी बनाए गए हैं। इसको लेकर 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 96 मतदान दल प्रतिनियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान में 250 वाहन लगाए जाएंगे। बीडीओ ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने को लेकर सीमा को सील किया जाएगा। सुरक्षा को लेकर भी सख्त इंतजाम किए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी