जलजमाव की चपेट में शहर के 35 वार्डों के दो लाख लोग

कटिहार। जलजमाव के बीच लगातार हो रही बारिश से लोग बेदम हो चुके हैं। शहर से लेकर ग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 09:15 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 09:15 PM (IST)
जलजमाव की चपेट में शहर के
35 वार्डों के दो लाख लोग
जलजमाव की चपेट में शहर के 35 वार्डों के दो लाख लोग

कटिहार। जलजमाव के बीच लगातार हो रही बारिश से लोग बेदम हो चुके हैं। शहर से लेकर गांव तक स्थिति पूरी तरह विकराल हो चुकी है। नगर निगम क्षेत्र के 35 वार्ड पूरी तरह जलजमाव की चपेट में हैं। कई घरों में पानी प्रवेश कर गया है तो कई सड़कों से पैदल गुजरना तक मुश्किल है। नगर निगम क्षेत्र की लगभग दो लाख आबादी के लिए बारिश आफत बन चुकी है। काफी संख्या में लोग घर छोड़ सड़कों व उंचें स्थलों पर शरण लिए हुए हैं। एक सप्ताह से जलजमाव का दर्द झेल रहे लोगों के सब्र का बांध अब टूटने लगा है और लोग सड़कों पर उतरकर विरोध जताने लगे हैं।

जलनिकासी को लेकर नगर निगम की व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। लगातार बारिश के कारण कई नए मोहल्लों में भी स्थिति भयावह हो गई है। जलजमाव के कारण सरकारी कार्यालयों का हाल भी खास्ता हो चुका है। समाहरणालय से लेकर एसडीओ कैंपस तक पूरी तरह जलजमाव की चपेट में है। इसके साथ ही निर्वाचान कार्यालय, शिक्षा विभाग कार्यालय सहित कई अन्य सरकारी कार्यालयों के परिसर में दो से तीन फीट पानी जमा होने के कारण परेशानी चरम पर है।

भयावह हो चुकी है रेल क्षेत्र की स्थिति : बारिश व जलजमाव के कारण रेल क्षेत्र की स्थिति काफी भयावह हो चुकी है। कई सरकारी क्वार्टर में जलजमाव व पानी का फैलाव होने के कारण रेलकर्मियों की परेशानी चरम पर है। कई अधिकारियों के आवास भी पूरी तरह जलजमाव की चपेट में हैं। सरकारी कार्यालयों से जलनिकासी की मशक्कत तो हो रही है, लेकिन यह कारगर साबित नहीं हो रहा है। रेल क्षेत्र और कॉलोनियों में जलजमाव के कारण स्थिति पूरी तरह नारकीय बनी हुई है। जलजमाव के कारण घरों में पानी प्रवेश करने से विद्युत उपकरण सहित जरुरी सामान बर्बाद हो चुके हैं।

इन मोहल्लों की विकराल है स्थिति पलायन कर रहे लोग :

बारिश व जलजमाव के कारण तेजाटोला, लंगड़ा बगान, साहेब पाड़ा, चौहान टोला, आजाद नगर, बरमसिया, ललियाही, शीतला स्थान, मिरचाईबाड़ी, ओटी पाड़ा, न्यू कांलोनी, सलामत नगर, लाल कोठी, घोष पाड़ा, ड़्राइवर टोला, रामपाड़ा, विजय नगर, गामीटोला, एमजी रोड, बनिया टोला, पानी टंकी चौक, बिनोदपुर, डहेरिया, मुसहरी टोला, सिरसा, दलन, राजेन्द्र ग्राम पथ, केबी झा कॉलेज रोड, प्रभात नगर, चंन्दाडीह मुसहरी, संतोषी चौक, सग्राम चौक, हाईस्कूल पाड़ा, मोहनीधार आदि स्थानों की स्थिति विकराल हो गई है। कई मोहल्ले के लोग पलायन करने को विवश हो गए हैं। परिवार के लोग के साथ प्रभावित परिवारभगवान चौक, कटिहार-पूणिया सड़क मार्ग, डेहरिया सहित अन्य सड़क किनारे शरण लिए हुए हैं।

प्रशासनिक स्तर पर नहीं ली जा रही सुध, बढ़ रहा आक्रोश :

जलजमाव की समस्या झेल रहे लोगों को अब तक प्रशासनिक स्तर पर भी सुध नहीं ली जा रही है। बारिश के कारण स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। नगर निगम द्वारा पंपसेट के माध्यम से जलनिकासी की पहल ढ़ाक के तीन पात साबित हो रहा है। लोगों को भोजन से लेकर शौचालय तक की समस्या से जूझना पड़ रहा है। दुर्गंध के कारण लोगों का जीना मुहाल बना हुआ है। किसी स्तर से पीड़ितों की सुध नहीं लिए जाने के कारण लोगों का आक्रोश बढ़ रहा है।

--------------------------------------

बाक्स के लिए :

तारीख नै करबै त फंसी जैबे भाय..

कटिहार: गुरुवार को काफी संख्या में लोग घुटना भर पानी पार करते हुए एसडीओ कार्यालय पहुंचे थे। इसमें कुछ महिलाएं थी और कुछ के साथ बच्चे भी थे। सभी धारा 107 के तहत की गई कार्रवाई में हाजिरी देने पहुंचे थे। बरारी से पहुंची कन्हैया ठाकुर की मां संजी देवी ने बताया कि तारिख नै करबै त घर परिवार फंसी जैते..। दू घंटा से पानी में छियै..। कुछ इसी तरह विभिन्न कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे लोग पानी में खरे होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। खासकर महिलाओं व बुजुर्गों की परेशानी चरम पर थी। सरकारी कार्यालय परिसर में इस तरह का जलजमाव देख ग्रामीण भी हतप्रभ थे। बारिश व जलजमाव के कारण विभिन्न कार्यों से कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के साथ प्रशिक्षण लेने पहुंचे मतदान कर्मियों को भी जलजमाव की पीड़ा झेलना पड़ा।

chat bot
आपका साथी