चार प्रखंडों के 26 पैक्सों का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, मतगणना आज

कटिहार। जिले के बरारी फलका कुरसेला और समेली प्रखंड के 26 पैक्सों के लिए प्रथम चरण

By JagranEdited By: Publish:Tue, 10 Dec 2019 12:48 AM (IST) Updated:Tue, 10 Dec 2019 12:48 AM (IST)
चार प्रखंडों के 26 पैक्सों का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, मतगणना आज
चार प्रखंडों के 26 पैक्सों का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, मतगणना आज

कटिहार। जिले के बरारी, फलका, कुरसेला और समेली प्रखंड के 26 पैक्सों के लिए प्रथम चरण में मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। कृषि साख सहयोग समिति के लिए हुए चुनाव में औसत 60 प्रतिशत मतदान हुआ। बरारी में 49, फलका में 71, कुरसेला में 52 प्रतिशत था समेली प्रखंड में 64 प्रतिशत मतदातओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी चुनाव को लेकर विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लिया।

बरारी : प्रखंड क्षेत्र के 11 पैक्सों के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। पैक्स चुनाव को लेकर 11 पंचायतों में 32 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई। अपराह्न तीन बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में मतदान संपन्न कराने को लेकर निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ गनौर पासवान, चुनाव प्रेक्षक अजीत कुमार सिंह, जिला भूअर्जन पदाधिकारी विवेक कुमार एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी मुस्तैद रहे। मतदान के बाद मतपेटी को बज्रगृह में जमा कराया गया। मतगणना मंगलवार को होगी। 11 पैक्सों में मतदान का औसत 49.31 प्रतिशत रहा।

फलका : प्रखंड के छह पैक्सों के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण वातावरण मतदान कराया गया। सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान कराया गया। मतदान का प्रतिशत 71 रहा। पैक्स चुनाव में 5800 मतदाताओं में 3532 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छह पैक्स के लिए चुनाव में खड़े अध्यक्ष पद के लिए 15 तथा सदस्य पद के 41 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटी में बंद हो गया। मतदान के लिए 10 मतदान केंद्र बनाए गए थे। हथवाड़ा पंचायत में दो सालेहपूर में एक गोविदपुर में एक भंगहा में दो, शब्दा एवं मघेली पंचायत में दो-दो बूथ बनाए गए थे। चार बूथों पर मतदान के लिए शाम चार बजे के बाद तक मतदाताओं की कतार लगी रही। चुनाव पर्यवेक्षक अजय कुमार अनुज ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने को लेकर थानाध्यक्ष रूपक रंजन सिंह दल बल के साथ मुस्तैद रहे। बीडीओ रेखा कुमारी, अंचलाधिकारी रघुवंश कुमार, अंचल निरीक्षक आरिफ हुसैन, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी क्रांति सिंह, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अवधेश कुमार सिंह बूथों का जायजा लेने को भ्रमणशील रहे। सालेहपुर पैक्स के लिए हुए चुनाव में 700 मतदाओं में 519, मघेली पैक्स में 1207 मतदाताओं में 910, गोविदपुर पैक्स में 448 मतदाताओं में 351, भंगहा पैक्स में 752 मतदाताओं में 534, शब्दा पैक्स में 824 मतदाताओं में 596 तथा हथवाड़ा पैक्स में 1077 मतदाताओं में 621 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना मंगलवार को होगी।

कुर्सेला : प्रखंड छह पैक्सों के लिए मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। मतदान का प्रतिशत 52 रहा। उत्तरी मुरादपुर,दक्षिणी मुरादपुर, पूर्वी मुरादपुर, पश्चिमी मुरादपुर, शाहपुरधरमी तथा जरलाही पैक्स के लिए मतदान कराया गया। मतदान को लेकर सभी बूथों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई। दोपहर बाद चार बजे तक मतदान को लेकर मतदाताओं की कतार बूथों पर लगी रही। बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में मतदान संपन्न कराने को लेकर मुस्तैद रहे। मतदान के बाद मतपेटी को वज्रगृह में सुरक्षित रखा गया। मतगणना मंगलवार को कराई जाएगी।

समेली : प्रखंड के तीन पैक्सों के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न हो गया, चुनाव में 64 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 2714 मतदाताओं में 1736 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पैक्स चुनाव को लेकर पांच मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव को लेकर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। पूर्वी चांदपुर, पश्चिमी चांदपुर एवं मुरादपुर पैक्स के लिए चुनाव कराया गया। मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक चली। निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सत्येन्द्र सिंह एवं लोक शिकायत पदाधिकारी चंदन कुमार मंडल विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लेते दिखे।पैक्स चुनाव में कुल 1278 पुरूष एवं 458 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाताओं ने पैक्स अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए भाग्य आजमा रहे उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटी में बंद कर दिया। मतगणना मंगलवार को सुबह 10 बजे से होगी।

chat bot
आपका साथी