मनिहारी में बरामदे पर सोए व्यक्ति की चाकू गोदकर हत्या
कटिहार। मनिहारी नगर पंचायत के वार्ड सात मिलिक पोखरकन्ना में मंगलवार की रात अज्ञात अपराधि
कटिहार। मनिहारी नगर पंचायत के वार्ड सात मिलिक पोखरकन्ना में मंगलवार की रात अज्ञात अपराधियों ने घर के बरामदे में अपने पड़ोसी और पिता के साथ सोए शेख आलम की गर्दन में चाकू गोदकर हत्या कर दी। हत्या का कारण अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है, लेकिन भूमि विवाद में वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मु एसएच फखरी, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अशोक कुमार पुलिस पदाधिकारियों व जवानों के साथ देर रात ही मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक वहां जांच-पड़ताल भी की। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
स्वजनों ने बताया कि शेख आलम अपनी पत्नी व बच्चों के साथ दिल्ली में रहता था। वहां वह रिक्सा किराए पर चलवाता था और अपना ढाबा भी खोल रखा था। कुछ दिन पूर्व ही वह घर आया था और दो दिन बाद ही पुन: दिल्ली जाने वाला था। मंगलवार की रात वह बरामदे पर चौकी पर पड़ोसी एक व्यक्ति के साथ सोया था तथा बगल में ही खाट पर उसके पिता शेख आबिद सोए हुए थे। सड़क से ही उसका बरामदा सटा हुआ है। जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात अपराधियों ने चौकी पर सोए शेख आलम पर जोरदार हमला कर दिया। गर्दन में चाकू घोंपने से बुरी तरह जख्मी शेख आलम शोर भी नही मचा पाया और लड़खड़ाते हुए खाट पर सोये अपने पिता के शरीर पर गिर गया। हो हल्ला होने पर चौकी पर सोए पड़ोसी की भी नींद खुली। जब तक कोई कुछ कर पाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पत्नी व चार बच्चे भी घटना की सूचना पर मनिहारी के लिए निकल गए हैं। वही मृतक के बूढे़ पिता शेख आबिद इस घटना से काफी सदमे में है। मृतक का ससुराल भी नगर के पूरब टोला में है। इधर पुलिस द्वारा बुधवार को श्वान दस्ते के साथ मौका ए वारदात पर जांच पड़ताल की। श्वान दस्ते के साथ एसडीपीओ, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। घटनास्थल पर भीड़ लग जाने के कारण श्वान दस्ता को कोई खास सफलता हाथ नही लगी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मु एसएच फखरी ने कहा कि घटना की वैज्ञानिक तरीके से गहन जांच की जा रही है। हर संभावित बिदुओं पर पुलिस की जांच चल रही है। जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।