कैमूर में ट्रैक्टर से दबकर महिला की मौत, विरोध में सड़क जाम

थाना क्षेत्र के हाटा बाजार में मंगलवार को एक महिला की मौत ट्रैक्टर से दब जाने के कारण मौके पर ही हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 05 Jan 2021 11:44 PM (IST) Updated:Tue, 05 Jan 2021 11:44 PM (IST)
कैमूर में ट्रैक्टर से दबकर महिला की मौत, विरोध में सड़क जाम
कैमूर में ट्रैक्टर से दबकर महिला की मौत, विरोध में सड़क जाम

कैमूर । थाना क्षेत्र के हाटा बाजार में मंगलवार को एक महिला की मौत ट्रैक्टर से दब जाने के कारण मौके पर ही हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे तक मुख्य सड़क को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रशासन एवं स्थानीय विधायक के समझाने बुझाने के बाद जाम को हटाया गया। मृतका की पहचान ग्राम सिरबिट निवासी मृत्युंजय पासवान की 38 वर्षीय पत्नी उषा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भभुआ सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम सिरबिट की उषा देवी गांव के ही एक लड़के को साथ लेकर हाटा बाजार में बाइक से कुछ खरीदारी करने आई थी। इस दौरान हाटा महदाइच मुख्य मार्ग में मेढ़ गेट के पास सामने से आ रही पिकअप को साइड देने के दौरान बाइक पर बैठी महिला उषा देवी की साड़ी ट्रैक्टर की ट्राली में फंस गई। जिससे बाइक चालक अनियंत्रित हो गया एवं बाइक पलट गई और ट्रैक्टर ट्राली का पहिया उक्त महिला के ऊपर चढ़ गया। जिस कारण उक्त महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए एवं ग्रामीणों के द्वारा ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया गया। वहीं मृतक महिला के साथ गांव के युवक को भी हल्की चोटें आई हैं। जिसके द्वारा इस घटना की सूचना मृतक महिला के परिजनों को दी गई। तत्काल मौके पर परिवार के सभी लोग आए। जिसके बाद मुख्य सड़क को जाम कर दिया गया। सड़क जाम की सूचना पर चैनपुर बीडीओ राजेश कुमार, सीओ पुरेंद्र कुमार सिंह, चैनपुर इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह, थानाध्यक्ष उदय भानु सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एवं स्थानीय ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाने का प्रयास किया गया। लेकिन ग्रामीण मौके पर ही मुआवजा देने एवं दोषियों के ऊपर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। वर्जन

सुबह आठ से रात आठ बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश हो वर्जित

स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा यह मांग की जाने लगी की हाटा बाजार व्यस्त बाजारों में से एक है। सुबह 8 बजे से रात के 8 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित किया जाए। ताकि बाजार के अंदर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना को अपने स्वार्थ के लिए भंजाने का भी प्रयास किया एवं लोगों को भड़काया गया कि ट्रैक्टर फूंक दिया जाए। इस दौरान कुछ आक्रोशित ग्रामीण ट्रैक्टर के टायरों की हवा भी निकाल दिए एवं तरह-तरह की मांगे की जाने लगी। लगातार दो घंटे के जाम के कारण पूरा बाजार अस्त व्यस्त हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों का आना जाना मुश्किल हो गया इनसेट

स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप से माने ग्रामीण-

चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहम्मद जमा खां घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद उनके द्वारा स्थानीय ग्रामीणों को समझाते हुए मृतक के परिजनों को भी समझाया गया एवं उनके द्वारा कहा गया कि सड़क जाम करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। इससे अन्य लोगों को भी कई तरह की परेशानियां उत्पन्न हो रही है। वही मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाले मुआवजा जल्द से जल्द दिलवाने को कहा गया। स्थानीय विधायक के आश्वासन के बाद लगभग दो घंटे के जाम से लोगों को निजात मिली।

इनसेट

उत्तर प्रदेश से गिट्टी लाने जा रहा था ट्रैक्टर-

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक उक्त ट्रैक्टर ग्राम अमांव के निवासी अशोक सिंह का बताया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त ट्रैक्टर से प्रतिदिन उत्तर प्रदेश की तरफ से गिट्टी लाद कर लाया जाता है। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण चालक को पकड़ लिए। जिसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट भी की एवं मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया गया। कहते हैं अधिकारी -

चैनपुर बीडीओ राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ के तहत मिलने वाली राशि देने के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वही चैनपुर सीओ पुरेंद्र कुमार सिंह के द्वारा बताया गया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को मिलने वाली अन्य और मुआवजा की राशि दी जाएगी।

चैनपुर थानाध्यक्ष उदय भानु सिंह ने बताया कि ग्रामीण ट्रैक्टर चालक के ऊपर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। मौके पर उपस्थित कुछ लोगों के द्वारा बताया गया कि बाइक चालक द्वारा पिकअप को साइड देने के दौरान उक्त महिला की साड़ी ट्रैक्टर में फंस गई थी। जिस कारण से महिला ट्रैक्टर के नीचे आ गई और दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम रमेश राम पिता शिवधारी राम ग्राम भैरोपुर थाना भगवानपुर का निवासी बताया है।

chat bot
आपका साथी