कैमूर में बारिश से जलजमाव, घर से निकलना मुश्किल

पिछले एक सप्ताह से जिले में प्रतिदिन लगातार रूक-रूक कर बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 10:52 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 10:52 PM (IST)
कैमूर में बारिश से जलजमाव, घर से निकलना मुश्किल
कैमूर में बारिश से जलजमाव, घर से निकलना मुश्किल

कैमूर। पिछले एक सप्ताह से जिले में प्रतिदिन लगातार रूक-रूक कर बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। रूक-रूक कर हो रही बारिश के चलते लोग घर से निकल नहीं पा रहे। जिन्हें आवश्यक कार्य है और वे यदि बाहर निकलना चाह रहे हैं तो उन्हें रास्ता नहीं मिल रहा। रास्ता है तो पैंट ऊपर उठा कर और जूता हाथ में लेकर ही उन्हें घर से निकलना होगा। बता दें कि बारिश के चलते भभुआ नगर के वार्डों की स्थिति नारकीय हो चुकी है। भभुआ नगर का ऐसा कोई वार्ड नहीं है जहां जलजमाव न हो। नगर के वार्ड 11 की तो स्थिति सबसे नारकीय बनी हुई है। चूकि वार्ड नंबर 11 भभुआ नगर परिषद क्षेत्र का सबसे बड़ा वार्ड है। इसका क्षेत्र नगर परिषद कार्यालय से लेकर राजेंद्र सरोवर तक है। इसके चलते इस वार्ड में अधिक समस्या है। राजेंद्र सरोवर के दक्षिण तरफ कोई ऐसी गली नहीं जिसमें जलजमाव न हो। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के चलते इस वार्ड में बरसात के समय जलजमाव की समस्या काफी पुरानी हो चुकी है। इस समस्या का स्थाई समाधान अब तक नहीं हो सका है। इसके चलते इस वार्ड के लोगों का जीवन नारकीय बन चुका है। लोगों का कहना है कि लोग गांवों से शहरों की ओर सुविधा के लिए आ रहे हैं। लेकिन उनकी सोच गलत साबित हो रही है। भभुआ नगर में जलजमाव की समस्या तो गांवों से भी खराब है। वार्ड 11 के लोगों ने कहा कि इस वार्ड में जलजमाव की समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका। जबकि इस समस्या को लेकर वार्ड के लोगों ने कई बार पदाधिकारियों से कहा। लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके चलते हर साल बारिश के समय वार्ड के लोगों को समस्या झेलनी पड़ रही है।

chat bot
आपका साथी