जागरूक दिखे मतदाता, मतदान केंद्रों पर शारीरिक दूरी बनाकर किया मतदान

बुधवार को विधानसभा चुनाव में मतदान करने को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह दिखा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 12:51 PM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 02:14 PM (IST)
जागरूक दिखे मतदाता, मतदान केंद्रों पर  शारीरिक दूरी बनाकर किया मतदान
जागरूक दिखे मतदाता, मतदान केंद्रों पर शारीरिक दूरी बनाकर किया मतदान

कैमूर। बुधवार को विधानसभा चुनाव में मतदान करने को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह दिखा। लोकतंत्र के इस महापर्व में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की लंबी कतार लग गई थी। प्रशासन द्वारा चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान असरदार रहा। कोविड-19 को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन का मतदान केंद्रों पर अनुपालन हो रहा था। मास्क लगाए मतदाता शारीरिक दूरी बनाकर मतदान के लिए कतारबद्ध थे। इसमें महिलाएं भी पीछे नहीं थीं। प्रखंड के मध्य विद्यालय जिगिना मतदान केंद्र संख्या छह पर सुबह से ही मतदान के लिए महिलाओं की लंबी कतार लगी थी। कतार में भी शारीरिक दूरी का ध्यान रखा गया था। जो समाज के साथ-साथ प्रशासन के लिए भी सुकून देने वाला था। कोविड-19 को लेकर प्रशासन द्वारा भी व्यापक प्रचार प्रसार किया गया था। जिसमें बताया गया था कि हर मतदाता को मास्क लगाकर ही मतदान केंद्र पर जाना है। वहां शारीरिक दूरी बनाकर कतारबद्ध होकर मतदान करना है। अभी मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया गया था। बताया गया था कि मजबूत लोकतंत्र के लिए हर मतदाता को मतदान करना जरूरी है। इसका मतदाताओं पर असर पड़ा। मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों द्वारा प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्क्रीनिग करने के बाद ग्लव्स दिया जा रहा था। जिसे लगाकर वे मतदान कर रहे थे। मतदान के बाद बगल में रखे डस्टबिन में ग्लब्स को डालकर मतदाता बाहर निकल जा रहे थे। मतदान के प्रारंभिक चरण में ही मतदान केंद्रों पर महिलाओं की भीड़ इस बात को प्रमाणित कर रही थी कि लोकतंत्र के महापर्व में वह भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। वह पुरुषों से पीछे रहने वाली नहीं है। महिलाओं की लंबी कतार देखकर पुरुष मतदाताओं को अपनी बारी का इंतजार करने में समय लगा। वहीं मतदान केंद्रों पर विधि व्यवस्था को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी मतदान केंद्रों पर अर्ध सैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया था। वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी भी सभी मतदान केंद्रों पर विधि व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। प्रशासनिक चुस्ती को देखते हुए मतदाताओं में भी उत्साह था। वे भयमुक्त होकर मतदान कर रहे थे। कोविड-19 को देखते हुए यह विधानसभा चुनाव हर मतदाता के लिए हर चुनाव से अलग था।

चुनाव आयोग और सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का अनुपालन करना सबके लिए चुनौती थी। मतदान कर्मी व मतदाता दोनों गाइड लाइन के अनुपालन को लेकर जागरूक थे। किसी के अंदर मतदान की जल्दबाजी नहीं थी। मतदाता धैर्य पूर्वक मतदान कर रहे थे। विधानसभा चुनाव में नए मतदाताओं का भी जोश चरम पर था। उनके लिए यह चुनाव खास रहा। पहली बार मतदान करके वे अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे।

chat bot
आपका साथी