कैमूर के शहर में नहीं होगी कूड़े की डंपिग

दशहरा से पहले नगर पंचायत को चकाचक करने की कवायद शुरू हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 11:44 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 11:44 PM (IST)
कैमूर के शहर में नहीं होगी कूड़े की डंपिग
कैमूर के शहर में नहीं होगी कूड़े की डंपिग

कैमूर। दशहरा से पहले नगर पंचायत को चकाचक करने की कवायद शुरू हो गई। शनिवार को नगर पंचायत की बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण पर विस्तृत चर्चा हुई। जिसमें निर्णय लिया गया कि शहर में कहीं भी कूड़े कचरे की डंपिग नहीं होगी। शहर से बाहर डंपिग स्टेशन बनाया जाएगा। जहां शहर की गंदगी को डंप किया जाएगा। मोहनियां के बीडीओ सह नगर पंचायत के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पर्व त्योहार को देखते हुए शहर को चकाचक बनाने की कवायद शुरू हो गई है। शनिवार को हुई बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा हुई। चांदनी चौक पर आंबेडकर की प्रतिमा के पीछे सफाई कार्य में लगे एनजीओ द्वारा कूड़े कचरे का डंपिग किया जा रहा था। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही थी। इसको ध्यान में रखकर एनजीओ को निर्देश दिया गया कि तीन दिन के अंदर वह कूड़े कचरे को साफ कर दें। इसके बाद सड़क के किनारे की खाली जमीन का कालीकरण किया जाएगा। सफाई कार्य में लगी एजेंसी नगर के कूड़े कचरे का उठाव कर सीधे डंपिग स्टेशन पर ले जाएगी। मुंडेश्वरी गेट के पूरब लंबे समय से सर्विस लेन पर जलजमाव की समस्या है, जिसे एक सप्ताह में दूर किया जाएगा। इसके लिए एनएचआई को निर्देश दिया गया है। रविवार से नाला की सफाई शुरू की जाएगी। अतिक्रमण के कारण जहां जहां नाला अवरुद्ध है। नाला को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। जिससे जल निकासी होने लगेगी। नाला जाम होने से नगर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई है। इसे शीघ्र दूर किया जाएगा। दशहरा से पहले शहर को चकाचक बनाने की योजना है। शहर में जितनी भी लाइटें खराब है उन्हें ठीक किया जाएगा। सड़कों में बने गड्ढों को भरकर समतल बनाया जाएगा। पर्व को देखते हुए सफाई पर नगर पंचायत का विशेष ध्यान है।

chat bot
आपका साथी