नदी में डूबने से किशोर की मौत, 12 घंटे बाद बरामद हुआ शव

मोहनियां स्थानीय थाना क्षेत्र के महरों गांव के समीप बुधवार की शाम जिउतिया पर्व के मौके पर मां के साथ दुर्गावती नदी में स्नान करने गया किशोर डूब गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 30 Sep 2021 09:40 PM (IST) Updated:Thu, 30 Sep 2021 11:25 PM (IST)
नदी में डूबने से किशोर की मौत, 12 घंटे बाद बरामद हुआ शव
नदी में डूबने से किशोर की मौत, 12 घंटे बाद बरामद हुआ शव

मोहनियां: स्थानीय थाना क्षेत्र के महरों गांव के समीप बुधवार की शाम जिउतिया पर्व के मौके पर मां के साथ दुर्गावती नदी में स्नान करने गया किशोर डूब गया। जिसका शव गुरुवार की सुबह नदी से बरामद हुआ। इस घटना से मृतक के घर में कोहराम मच गया। नदी में डूबती पुत्री को लोगों ने बचा लिया। पुत्र के दीर्घायु होने के लिए माता द्वारा किया गया जिउतिया व्रत अशुभ साबित हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनियां थाना क्षेत्र के महरों गांव निवासी भरत कुशवाहा पत्नी परम शीला देवी महिलाओं के साथ बुधवार की शाम गांव के दक्षिण गोराईपुर गांव के समीप दुर्गावती नदी में स्नान करने गई थीं। साथ में उनका पुत्र विकास (15) व पुत्री मंजू (8) भी गए थे। नदी में बने पुल के समीप जेसीबी द्वारा बालू निकाला गया है। जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया है। जिसमें गाद जमा है। यहीं पर स्नान करते समय विकास धंस गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वह आठवीं कक्षा का छात्र था। गांव के ही स्कूल में पढ़ता था। नदी के तट पर महिलाओं की अधिक भीड़ होने के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान भरत कुशवाहा की पुत्री मंजू भी नदी में डूबने लगी। जिसे लोगों ने बचा लिया। स्नान करने के बाद सभी लोग घर लौट गए। रात में नौ बजे तक जब विकास घर नहीं लौटा तो घर वाले खोजबीन शुरु किए। गुरुवार की सुबह एक नाविक शौच करने के लिए नदी के तरफ गया था। जिसकी नजर नदी में डूबे किशोर पर पड़ी। उसका सिर्फ सिर का बाल दिखाई दे रहा था। समीप जाने पर पता चला की कोई नदी में डूब गया है। एक युवक के सहयोग उसने शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद मृतक की पहचान हुई। सूचना पर स्वजन व ग्रामीण नदी में पहुंचे जहां शव रखा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर मोहनियां थाना पुलिस महरो गांव पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंपा गया। गुरुवार को ही गांव के समीप मृतक का दाह संस्कार किया गया। भरत कुशवाहा को दो पुत्र व एक पुत्री है। जिसमें विकास बड़ा था। छोटे भाई आकाश की उम्र 10 साल है। बहन मंजू की उम्र आठ साल है। विकास की मौत से मां,भाई और बहन का रो रो कर बुरा हाल है। ग्रामीण स्वजनों को संभालने में परेशान थे। सब के मुंह से यही निकल रहा था कि जिस मां ने पुत्र की सलामती के लिए जिउतिया व्रत रखा उसे ईश्वर ने ऐसा दिन दिखाया।

chat bot
आपका साथी