जिले में आए 650 प्रवासियों का रोजगार को ले हुआ निबंधन
कैमूर लॉकडाउन के दौरान देश के विभिन्न प्रांतों और शहरों से कैमूर जिले में आने वाले
कैमूर : लॉकडाउन के दौरान देश के विभिन्न प्रांतों और शहरों से कैमूर जिले में आने वाले प्रवासियों को रोजगार उपलब्ध कराने की जिला प्रशासन ने कवायद शुरू की है। जिला नियोजनालय में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 650 प्रवासियों का निबंधन कराया गया है। जिला नियोजन पदाधिकारी अंकित राज ने बताया कि कोविड-19 के दौरान लागू लॉकडाउन अवधि में देश के विभिन्न प्रांतों व शहरों से अपने गांव आने वाले लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के स्तर से क्वारंटाइन सेंटरों में रह रहे व्यक्तियों को नियोजनालय में निबंधन करने की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
ताकि बाहर से आने वाले सभी प्रवासियों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए नियोजनालय द्वारा 650 प्रवासियों का निबंधन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि निबंधित प्रवासियों को रोजगार उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास जारी है। जिला नियोजनालय से मिली जानकारी के अनुसार चांद प्रखंड के क्वारंटाइन सेंटर गांधी स्मारक हाई स्कूल, गुरु प्रकाश बीएड कॉलेज से 18, नुआंव प्रखंड के बालिका हाई स्कूल से 11, कुदरा प्रखंड के पैराडाइज चिल्ड्रन एकेडमी लालापुर से 38, रामगढ़ प्रखंड के ग्राम भारती बालिका विद्यापीठ से 20, कन्या मध्य विद्यालय भगवानपुर से 41, राजर्षि शारिवाहन कॉलेज भगवानपुर से 33, मानव भारती स्कूल चांद से 21, भभुआ डीएवी पब्लिक स्कूल रतवार से 44, आर पी एस एकेडमी भभुआ से नौ, उत्क्रमित मध्य विद्यालय टोड़ी भगवानपुर से 51 सहित विभिन्न क्वारंटाइन सेंटरों से 650 प्रवासियों का निबंधन किया गया है।