कैमूर में बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत, बाइक चालक गंभीर हालत में रेफर

थाना क्षेत्र के ग्राम कुरई के पास मरहियां खरिगांवा मुख्य मार्ग में सोमवार को बाइक की टक्कर से ग्राम कुरई निवासी एक 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे ग्राम कुरई के ही स्थानीय लोगों के द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 24 May 2021 04:39 PM (IST) Updated:Mon, 24 May 2021 05:21 PM (IST)
कैमूर में बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत,  बाइक चालक गंभीर हालत में रेफर
कैमूर में बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत, बाइक चालक गंभीर हालत में रेफर

कैमूर। थाना क्षेत्र के ग्राम कुरई के पास मरहियां खरिगांवा मुख्य मार्ग में सोमवार को बाइक की टक्कर से ग्राम कुरई निवासी एक 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे ग्राम कुरई के ही स्थानीय लोगों के द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान ग्राम कुरई के वार्ड नंबर10 के निवासी स्व. श्यामसुंदर चौबे के 65 वर्षीय पुत्र पंच राम आशीष चौबे के रूप में हुई है। बाइक चालक चांद थाना क्षेत्र के ग्राम गेहुंआ का निवासी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कुरई के निवासी राम आशीष चौबे अपने घर से खेत पर स्थित चेंबर पर जा रहे थे। इस दौरान सड़क पार करते वक्त मरहियां की तरफ से आ रहे बाइक चालक ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के काफी पा‌र्ट्स टूट कर मुख्य सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना की खबर पर तत्काल मौके पर स्थानीय ग्रामीण जुट गए एवं घटनास्थल पर से अंतिम सांसे गिन रहे राम आशीष चौबे एवं बाइक चालक को तत्काल चंदौली ले जाया गया। जहां वृद्ध राम आशीष चौबे को चिकित्सकों के द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। जबकि बाइक चालक का इलाज चल रहा है।

इनसेट

आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक रखा मुख्य सड़क को जाम

दुर्घटना में वृद्ध राम आशीष चौबे की मौत हो जाने की खबर मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम कुरई के मुख्य मार्ग को जाम कर दिया एवं मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की जाने लगी। जाम की सूचना पर मौके पर चैनपुर बीडीओ एजाजुद्दीन अहमद, सीओ पुरेंद्र कुमार सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी अजय कुमार चौधरी सहित चैनपुर के अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल मौके पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों को जाम हटाने के लिए समझाया जाने लगा।

इस संबंध में पदाधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा मुख्य सड़क को जाम कर दिया गया था। सूचना पर तत्काल सभी लोग पहुंचे। जहां ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया गया एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजते हुए मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रविधान के अनुसार जो भी मुआवजा देने का प्रावधान है। वहीं सभी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक राम आशीष चौबे के तीन पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। जिसमें मात्र एक पुत्री की शादी हुई है। आय का साधन खेती है। मृतक के द्वारा ही घर के सभी सदस्यों का भरण पोषण किया जाता था। अचानक हुए इस हादसे से पूरा परिवार सदमे में है।

chat bot
आपका साथी