घूंघट की आड़ में नई दुल्हनों ने किया ईवीएम का दीदार

प्रथम चरण के अंतर्गत कैमूर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को हुए मतदान के दौरान नई दुल्हनों ने घूंघट की आड़ में ईवीएम का दीदार किया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 12:45 PM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 02:16 PM (IST)
घूंघट की आड़ में नई दुल्हनों    ने किया ईवीएम का दीदार
घूंघट की आड़ में नई दुल्हनों ने किया ईवीएम का दीदार

कैमूर। प्रथम चरण के अंतर्गत कैमूर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को हुए मतदान के दौरान नई दुल्हनों ने घूंघट की आड़ में ईवीएम का दीदार किया। सारे बंधनों को तोड़ घर की दहलीज लांघ नई दुल्हनों ने अपने अधिकार का प्रयोग कर महिला सशक्तीकरण की मिसाल पेश की है। घर की नई दुल्हनों ने अपने घर की बुजुर्ग महिलाओं के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच कर सारी प्रक्रिया पूरी कर मतदान किया। घूंघट में ही घर से निकल कर रास्ते से होते हुए मतदान केंद्र तक पहुंची। जहां सभी मतदाताओं की तरह सोशल डिस्टेंसिग का पालन कर मतदान केंद्रों पर बनाए गए वृत्ताकार गोला में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार किया। बारी आने पर मतदान केंद्रों पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से थर्मल स्क्रीनिग भी कराई। इसके बाद उनके हाथ को भी सैनिटाइज किया गया। लेकिन इस दौरान नई दुल्हनों का घूंघट नहीं उठा। एक तरफ गांव समाज से लज्जा व दूसरी तरफ मताधिकार का उत्साह देखते ही बन रहा था।

विधानसभा चुनाव में नई दुल्हनों ने अपने रीति रिवाज को बरकरार रख मतदान में जो उत्साह दिखाया है वह अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत हैं। भभुआ विधानसभा क्षेत्र के रामपुर प्रखंड के राजा के अकोढ़ी गांव निवासी नई दुल्हनों ने बताया कि लोकतंत्र के महापर्व में सभी लोगों को बढ़ चढ़ कर भाग लेना चाहिए। आज की महिलाएं पढ़ी लिखी हैं। उन्हें मताधिकार के बारे में अच्छी तरह से जानकारी है। मताधिकार से ही स्वच्छ व सुदृढ़ लोकतंत्र का निर्माण होता है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रख कर उन्होंने मतदान में भाग लिया है।

वहीं चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान संख्या 17 में भी पहुंची नई दुल्हनों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नई दुल्हनों को मतदान केंद्र पर आते देख पूर्व से खड़ा बुजुर्ग महिलाओं ने उन्हें मतदान में प्राथमिकता देते हुए आगे कर दिया। इसके चलते उन्हें मतदान करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

chat bot
आपका साथी