कैमूर में शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया मोहर्रम

जिला मुख्यालय भभुआ नगर सहित सभी प्रखंडों में शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में मोहर्रम का पर्व संपन्न हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 20 Aug 2021 11:31 PM (IST) Updated:Fri, 20 Aug 2021 11:31 PM (IST)
कैमूर में शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया मोहर्रम
कैमूर में शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया मोहर्रम

कैमूर: जिला मुख्यालय भभुआ नगर सहित सभी प्रखंडों में शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में मोहर्रम का पर्व संपन्न हो गया। जिला प्रशासन के आदेशानुसार सभी जगह दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात रहे। वहीं विभिन्न जगहों पर सिर्फ ताजिया रख कर मोहर्रम पर्व मनाया गया। इस दौरान कहीं जुलूस नहीं निकाला गया। वहीं चैनपुर

थाना क्षेत्र में मोहर्रम के अवसर पर अति संवेदनशील एवं संवेदनशील स्थलों एवं अन्य वैसे सभी जगह जहां मोहर्रम के अवसर पर ताजिया बैठाई जाती है, वहां पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी। वहीं विधि व्यवस्था के संधारण के लिए चैनपुर थाने में सभी वरीय पदाधिकारी पूरा दिन कैंप करते नजर आए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चैनपुर थाने में प्रशिक्षु डीएसपी अजय कुमार चौधरी की प्रतिनियुक्ति रही। इस दौरान मौके पर वरीय पदाधिकारियों में एडीएम डॉक्टर संजय कुमार, एएसपी (अभियान) नितिन कुमार, एएसपी अनंत कुमार, श्रम अधीक्षक कैमूर सह चैनपुर नोडल पदाधिकारी जावेद रहमत, सार्जेंट मेजर एवं चैनपुर अंचलाधिकारी पुरेंद्र कुमार सिंह व चैनपुर थाना अध्यक्ष उदय भानु सिंह मौजूद रहे। प्रशिक्षु डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि विधि व्यवस्था संधारण के लिए चैनपुर थाना क्षेत्र के सभी अखाड़ा के खलीफा और ताजियादार को चैनपुर थाने में बुलाकर शुक्रवार की सुबह ही बैठक कर बता दिया गया कि शाम छह बजे तक सभी लोग फातिहा का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लेंगे। इसके उपरांत कर्बला जाने के लिए ताजिया के ऊपर चढ़ाया गया फूल एवं मोहर्रम प्रारंभ होने की तिथि को रखी गई मिट्टी को मात्र पांच लोगों के द्वारा कर्बला पहुंचाया जाएगा। इस दौरान किसी के द्वारा कोई भी जुलूस या लाठी नहीं भांजना है ना ही डंडा ले जाना है। ना ही ताजिया को कर्बला ले जाया जाएगा। जिसके अनुसार मोहर्रम का पर्व संपन्न किया गया। उधर रामपुर प्रखंड में बीडीओ संजय पाठक ने क्षेत्र के कई जगहों पर विधि व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कई गांवों में जाकर लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की।

chat bot
आपका साथी