मोहनिया का आरओबी बना वाहनों का अवैध पड़ाव

नगर के नो पार्किंग जोन को ही चालकों ने वाहनों का अवैध पड़ाव बना दिया गया है। इससे जाम लगा रहता है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 05:06 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 05:06 PM (IST)
मोहनिया का आरओबी बना वाहनों का अवैध पड़ाव
मोहनिया का आरओबी बना वाहनों का अवैध पड़ाव

संवाद सहयोगी, मोहनियां: नगर के नो पार्किंग जोन को ही चालकों ने वाहनों का अवैध पड़ाव बना दिया है। जहां सुबह से शाम तक वाहनों के खड़े रहने से नगर में जाम की समस्या बनी रहती है। मोहनियां की हृदयस्थली चांदनी चौक से उत्तर पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर बना पुल वाहनों का अवैध पड़ाव बन चुका है। चाह कर भी प्रशासन इस समस्या का निदान करने में विफल रहा है। जाम की समस्या को लेकर नगर पंचायत द्वारा बनाए गए नियम कानून हवा हवाई साबित हो रहे हैं। जहां-जहां नो पार्किंग जोन का बोर्ड लगा है वहीं सड़कों पर वाहन खड़े होते हैं। चांदनी चौक से उत्तर जैसे ही रेल उपरी पुल की चढ़ाई शुरू होती है वहीं एक लाइन से वाहन खड़े होते हैं। जिसमें ट्रैक्टर, टेंपो व अन्य लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। कभी-कभी प्रशासन द्वारा सड़क पर खड़े वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की जाती है। इसके बाद फिर ढाक के तीन पात वाली कहावत चरितार्थ होती है। रेल ऊपरी पुल की चौड़ाई कम है। इसके कारण एक साथ दो बड़े वाहनों के गुजरते समय जगह नहीं बचती। ऐसे में सड़क पर वाहनों के खड़ा होने से जाम की समस्या उत्पन्न होना आम बात है। दिन प्रतिदिन यह समस्या गंभीर होती जा रही है।

पांच वर्ष पूर्व नगर की मुख्य सड़कों को घोषित किया गया था प्रतिबंधित क्षेत्र-

पांच वर्ष पूर्व मोहनियां नगर में जाम की समस्या को देखते हुए तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी खुर्शीद अनवर सिद्दीकी द्वारा नगर की मुख्य सड़कों को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया था। जिसमें स्टेशन रोड से एनएच 30 मोड़ तक, जीटी रोड के दोनों तरफ सर्विस लेन और रामगढ़ रोड में रेल उपरी पुल तक का क्षेत्र शामिल था। जहां वाहनों के खड़ा करने पर जुर्माने का प्रावधान किया गया था। इस नियम के लागू होने के बाद नगर में जाम की समस्या पर हद तक लगाम लगी थी।

नगर के चांदनी चौक पर दो शिफ्टों में तैनात रहते थे दंडाधिकारी-

एसडीएम द्वारा चांदनी चौक पर दो शिफ्टों में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी। सुबह आठ बजे से दिन के दो बजे व दो बजे से रात्रि आठ बजे तक दो शिफ्टों में चांदनी चौक पर विभिन्न विभागों के प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी बैठते थे। उनके जाने के बाद धीरे-धीरे वह आदेश प्रभावहीन होता गया। आज स्थिति ऐसी बन गई है कि नगर में चारों तरफ सड़क के किनारे वाहन खड़े होते हैं। जिसकी जहां इच्छा होती है वही वाहन खड़ा कर बाजार में खरीदारी करने निकल जाता है। जिससे जाम लगने के कारण नगरवासी व वाहन चालक परेशान होते हैं। चांदनी चौक पर महावीर मंदिर के उत्तर तरफ कई दुकानें हैं। जिनके सामने एक लाइन से दर्जनों बाइकें खड़ी होती हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण इससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है। जबकि महावीर मंदिर से पीछे खाली जगह है जहां बाइक सवार अपनी बाइक खड़ी कर सकते हैं। इससे जाम की समस्या में निश्चित रूप से कमी आएगी।

क्या कहते हैं पदाधिकारी-

इस संबंध में मोहनियां के बीडीओ सह नगर पंचायत के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा की नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वाहनों को जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा। नगर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह का निर्धारण किया जा रहा है। निर्धारित स्थानों पर ही वाहनों को खड़ा करना होगा।

chat bot
आपका साथी