कैमूर में विवाहिता की हत्या कर शव को जलाया

स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम परासिया में शुक्रवार को एक विवाहिता की हत्या कर शव को जला देने का मामला सामने आया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 02 Apr 2021 11:41 PM (IST) Updated:Fri, 02 Apr 2021 11:41 PM (IST)
कैमूर में विवाहिता की हत्या कर शव को जलाया
कैमूर में विवाहिता की हत्या कर शव को जलाया

कैमूर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम परासिया में शुक्रवार को एक विवाहिता की हत्या कर शव को जला देने का मामला सामने आया है। हत्या की सूचना पर पहुंचे मायके के लोगों के साथ ससुराल पक्ष वालों के द्वारा जमकर मारपीट की गई। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। इस मामले में चैनपुर थाना में आवेदन दिया गया है। चैनपुर थाना पुलिस के द्वारा घायल मायके वालों का चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया है। घायलों में विवाहिता के भाई हीरा बिद, मिठाई बिद दोनों के पिता बहादुर बिद एवं उसका चचेरा भाई सुनील बिद का नाम शामिल है। मृतका चांद थाना क्षेत्र के लोहदन गांव निवासी बहादुर बिद की पुत्री रिकी देवी बताई जाती है।

थाना में दिए गए आवेदन में चांद थाना क्षेत्र के ग्राम लोहदन निवासी मृतका के पिता बहादुर बिद ने बताया है कि उन्होंने पुत्री रिकी देवी का विवाह वर्ष 2016 में हिदू रीति रिवाज से ग्राम परसिया के निवासी राधे बिद के पुत्र दीपक बिद से किया था। इस दौरान उन्होंने अपने साम‌र्थ्य के अनुसार जेवर सहित अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया था। शादी के उपरांत इनके दामाद दीपक बिद ससुर राधे बिद एवं सास के द्वारा पुत्री के साथ बाइक की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। जिसे लेकर इनके द्वारा कई बार अपनी पुत्री के ससुराल पहुंचकर समझाया बुझाया भी गया। लेकिन बात नहीं बनी। उक्त लोगों के द्वारा लगातार मारपीट की जाती रही। दो अप्रैल को स्थानीय लोगों के माध्यम से इन्हें सूचना मिली कि इनकी पुत्री को ससुराल पक्ष के लोगों के द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई है तथा शव को आनन-फानन में गांव में ही जलाया जा रहा है। जब यह लोग परसिया पहुंचे तो शव को जलते हुए देखा। जिस पर लोगों के द्वारा शव को बुझाने का प्रयास किया जाने लगा एवं जल रहे शव की फोटो ली जाने लगी। जिस पर उन लोगों के द्वारा लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया। जिसमें इनके पुत्र हीरा लाल बिद, मिठाई लाल बिद एवं भतीजा सुनील बिद गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद इन लोगों के द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है। ससुराल के लोग फरार, गिरफ्तारी को छापेमारी

चैनपुर थानाध्यक्ष उदय भानु सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर ग्राम परसिया पहुंचे तो शव का दाह संस्कार हो चुका था। ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार थे। आसपास के लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो ससुराल पक्ष के द्वारा हत्या की गई है इसकी जानकारी मिली। कैसे हुई यह किसी को पता नहीं है। मामले को लेकर दिए गए आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस के पहुंचने के पहले ही कर दिया शव का दाह संस्कार

इस संबंध में स्थानीय कुछ लोगों का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों के द्वारा रिकी देवी की गला घोट कर हत्या की गई है तो कुछ लोगों के द्वारा जबरन जहर खिलाकर मारने की बात कही जा रही है। जबकि इस मामले में हत्या कैसे हुई इससे संबंधित पुलिस के पास कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं है। पुलिस के पहुंचने के पहले ही शव का दाह संस्कार किया जा चुका था। बहरहाल पुलिस जांच में जुटी है।

chat bot
आपका साथी