तालाब में डूबने से बालिका की मौत

जिले के सोनहन थाना क्षेत्र के जागेबरांव गांव के पश्चिम तालाब में शुक्रवार की दोपहर स्नान करने गई तीन बालिकाओं में से एक की डूबने से मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 02 Apr 2021 11:42 PM (IST) Updated:Fri, 02 Apr 2021 11:42 PM (IST)
तालाब में डूबने से बालिका की मौत
तालाब में डूबने से बालिका की मौत

कैमूर। जिले के सोनहन थाना क्षेत्र के जागेबरांव गांव के पश्चिम तालाब में शुक्रवार की दोपहर स्नान करने गई तीन बालिकाओं में से एक की डूबने से मौत हो गई। जबकि दूसरी बालिका को ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया। जबकि तीसरी बालिका किनारे होने के कारण स्वयं प्रयास कर तालाब से बाहर निकल गई। मृतका जागेबरांव गांव निवासी जय राम बिद की सबसे बड़ी पुत्री दस वर्षीय सुमन कुमारी बताई जाती है। जबकि उसके साथ गई दूसरी बालिका नचक पासवान की पुत्री रेखा कुमारी और तीसरी भी उसी गांव के राम दयाल की पुत्री काजल कुमारी बताई जाती है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दोपहर लगभग 12 बजे के बाद सुमन, रेखा और काजल एक साथ गांव के पश्चिम तालाब में स्नान करने गई। स्नान करने के लिए तीनों तालाब में गई। स्नान करने के दौरान सुमन और रेखा तालाब के बीच में चली गई और पानी गहरा होने के चलते दोनों डूबने लगीं। जबकि काजल तालाब के किनारे ही कम पानी में स्नान कर रही थी। वह भी डूब रही थी, लेकिन वह किसी तरह हाथ पैर मार तालाब से बाहर निकल गई और अपने साथ गई दोनों बालिकाओं को डूबता देख तालाब से दौड़ कर गांव में आई और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। जानकारी होने पर काफी संख्या में ग्रामीण दौड़ कर तालाब पर पहुंचे और कूद कर डूब रही सुमन और रेखा को बाहर निकाला। तालाब के पानी से बाहर निकालने पर सुमन की मौत हो चुकी थी। जबकि रेखा जीवित थी। ग्रामीणों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे चिकित्सक ने वाराणसी रेफर कर दिया।

उधर, घटना की जानकारी होने पर सोनहन थानाध्यक्ष शशिभूषण कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। जहां डॉ. श्यामाकांत दुबे ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस घटना से गांव में कोहराम मच गया।

बता दें कि जय राम बिद की छह बेटियों में सुमन कुमारी सबसे बड़ी पुत्री थी। इस संबंध में बीडीओ शशिकांत शर्मा ने कहा कि आवेदन देने के बाद विभागीय नियम के अनुसार अनुदान की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

chat bot
आपका साथी