पावर हाउस में घुसा बाढ़ का पानी, ठप हुई विद्युत आपूर्ति

मोहनियां। रविवार की रात में अचानक दुर्गावती जलाशय से काफी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण कैमूर जिले में बाढ़ आ गई है। सोमवार को उफनती दुर्गावती नदी का पानी कई गांवों में घुस गया। जिससे कई गांव का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। हजारों एकड़ में लगी धान व भदई फसल पानी में डूब गई है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 11:36 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 11:36 PM (IST)
पावर हाउस में घुसा बाढ़ का पानी, ठप हुई विद्युत आपूर्ति
पावर हाउस में घुसा बाढ़ का पानी, ठप हुई विद्युत आपूर्ति

मोहनियां। रविवार की रात में अचानक दुर्गावती जलाशय से काफी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण कैमूर जिले में बाढ़ आ गई है। सोमवार को उफनती दुर्गावती नदी का पानी कई गांवों में घुस गया। जिससे कई गांव का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। हजारों एकड़ में लगी धान व भदई फसल पानी में डूब गई है। कई गांव पानी से घिर जाने से टापू की तरह दिखाई दे रहे हैं। बाढ़ के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। दुर्गावती नदी का पानी सोमवार को विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल मोहनियां के पावर हॉउस में घुस गया। जिससे खतरे को भांप विद्युत आपूर्ति बंद करनी पड़ी। सुबह नौ बजे पानी घुसने लगा। दो घंटे में पूरे परिसर में करीब तीन फीट पानी जमा हो गया। इसके बाद खतरे की आशंका के मद्देनजर मोहनियां के सहायक विद्युत अभियंता नवीन कुमार ने मातहतों को विद्युत आपूर्ति बंद करने का निर्देश दिया। सूचना मिलते ही उप विकास आयुक्त कुमार गौरव, मोहनियां की एसडीएम अमृषा बैंस, विद्युत कार्यपालक अभियंता शिव शंकर प्रसाद, मोहनियां के बीडीओ सह नगर पंचायत के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार पावर हाउस पहुंचे। इसके बाद जल निकासी की योजना बनी। नगर पंचायत से दो डीजल पंप व एक विद्युत संचालित पंप लाकर जल निकासी शुरू की गई। इसमें नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शिव जी सफाई इंस्पेक्टर अजय सिंह व अन्य कर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। वरीय पदाधिकारियों ने कहा कि बाढ़ का पानी पावर हाउस में घुसने के कारण खतरे को देखते हुए विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। पंप से पावर हाउस में जमा पानी को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मोहनियां के सहायक विद्युत अभियंता नवीन कुमार ने बताया कि पावर हाउस में पानी घुसने से सोमवार को 11 बजे से विद्युत आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इससे मोहनियां के तीन फिडर, उसरी व पुसौली की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। जब तक पावर हाउस का पानी कम नहीं हो जाता है तब तक विद्युत आपूर्ति शुरू करना खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में पानी के कम होने का इंतजार किया जा रहा है। शाम तक सभी पदाधिकारी पावर हाउस के समीप बैठे थे। सब का प्रयास है कि जितना जल्दी हो सके पावर हाउस में जमा पानी को निकाला जाए जिससे विद्युत आपूर्ति सामान्य हो सके। समाचार लिखे जाने तक पावर हाउस में पानी बढ़ रहा था।

chat bot
आपका साथी