कैमूर में यूरिया की किल्लत से किसान चितित

रामपुर प्रखंड में यूरिया की कमी से किसान परेशान हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Sep 2021 11:50 PM (IST) Updated:Mon, 06 Sep 2021 11:50 PM (IST)
कैमूर में यूरिया की किल्लत से किसान चितित
कैमूर में यूरिया की किल्लत से किसान चितित

कैमूर। रामपुर प्रखंड में यूरिया की कमी से किसान परेशान हैं। किसानों को यूरिया नहीं मिल रही है। समय पर यूरिया नहीं मिलने से फसल को नुकसान हो सकता है। प्रशासनिक महकमा शीघ्र यूरिया आपूर्ति के आश्वासन से ही किसानों को तसल्ली दे रहा है। लेकिन किसानों के सब्र का बांध टूटते जा रहा है।

बता दें कि किसानों ने इस वर्ष समय से पूर्व धान की रोपनी कर दी। अच्छी बारिश से इस बार किसानों को आस जगी थी कि धान की फसल अच्छी होगी। मौसम ने भी भरपूर साथ दिया। लेकिन समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों की मेहनत पर पूरी तरह पानी फिरता दिख रहा है। प्रखंड क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत से एक बार फिर किसानों की परेशानियां बढ़ गई है। अधिकांश किसान अपने खेतों में धान की सोहनी करा चुके हैं। समय से उन्हें खाद नहीं मिलने के कारण धान की उपज प्रभावित होने की चिता सता रही है।

ग्रामीण क्षेत्र के किसानों ने कहा कि लगातार दो साल से कोरोना महामारी के कारण लाकडाउन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साथ ही कर्ज के तले खेती की है। महाजन व साहूकारों का कर्ज अभी तक नही उतरा है। इस बार जिस तरह मौसम ने साथ दिया तो फसल की उपज अच्छी होती। जिससे महाजनों का कर्ज खत्म हो जाता। लेकिन यूरिया की किल्लत से फसल पूरी तरह नष्ट हो सकती है। जिससे फिर कर्ज में दबे रहना होगा। किसानों ने कहा कि एक तो बीज की कीमतों में वृद्धि हो रही है। इसके बावजूद भी यूरिया की कमी हो रही है। जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। क्या कहते हैं किसान

फोटो नंबर- 02

छांगुर सिंह: धान की खेती के लिए खाद नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। जल्द खाद नहीं मिली तो धान की फसल के नुकसान होने की आशंका है। कृषि विभाग प्रखंड क्षेत्र में जल्द खाद उपलब्ध कराए, जिससे किसानों को समस्या न हो।

फोटो नंबर- 03

बबलू शुक्ला: क्षेत्र के किसान यूरिया-खाद नहीं मिलने से काफी परेशान हैं। विगत एक सप्ताह से किसानों को खाद नहीं मिल रही है। किसान दुकान बंद होने से निराश होकर लौट रहे हैं। सरकार और कृषि विभाग को किसानों के हित का ख्याल करते हुए क्षेत्र में जल्द खाद उपलब्ध करानी चाहिए।

वर्जन

यूरिया खाद के लिए किसान परेशान हैं। प्रतिदिन खाद के लिए किसानों का फोन आ रहा है। प्रखंड क्षेत्र में लगभग यूरिया का आठ हजार बैग किसानों के बीच वितरण किया गया है। 10 सितंबर तक नया रैक आने की संभावना है। सासाराम में नया रैक आया है। कुछ यूरिया की बैग मिलने की संभावना है।

-सूर्यकांत प्रसाद, बीएओ

chat bot
आपका साथी