कैमूर में नगर पंचायत में छलावा बनी हर घर नल-जल योजना

आम आवाम को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल जल योजना का सरकार द्वारा ताना बाना बुना गया था।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 25 Aug 2021 11:07 PM (IST) Updated:Wed, 25 Aug 2021 11:07 PM (IST)
कैमूर में नगर पंचायत में छलावा बनी हर घर नल-जल योजना
कैमूर में नगर पंचायत में छलावा बनी हर घर नल-जल योजना

कैमूर। आम आवाम को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल जल योजना का सरकार द्वारा ताना बाना बुना गया था। इस योजना पर करोड़ों रूपये खर्च हुए, लेकिन आज भी आम आवाम को इसका लाभ नहीं मिल सका। योजना मद की निर्धारित राशि की बंदरबांट हो गई। 80 फीसद राशि खर्च होने के बाद भी योजनाओं का पूर्ण नहीं होना बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। नगर पंचायत मोहनियां के किसी वार्ड में हर घर नल जल योजना का कार्य पूरा नहीं हुआ है। वार्डवासी नल से पानी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। संवेदक की मनमानी से आम आवाम के साथ वार्ड पार्षद भी परेशान हैं।

नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजकुमार प्रसाद ने कैमूर के डीएम को पत्र लिखकर नल जल योजना के अधूरे कार्यों को पूरा कराने की गुहार लगाई है। इससे इस बात को बल मिलता है कि नगर पंचायत मोहनियां में उक्त योजना मद की 80 प्रतिशत राशि की निकासी कर ली गई। लेकिन इसका लाभ वार्ड वासियों को नहीं मिल पाया। नगर पंचायत का वार्ड संख्या 11 मुस्लिम बहुल वार्ड है। इस वार्ड में आबादी के हिसाब से हर घर नल जल योजना के तहत पानी पहुंचाने के लिए दो जगह बोरिग कराई गई है। योजना के संवेदक आनंद कुमार सिंह हैं। गत वर्ष 20 जून को इसके लिए एकरारनामा हुआ था। तीन माह में कार्य पूरा करना था। लेकिन 14 माह बाद भी योजना अधूरी है। योजना पूरी करने को कई बार जिला प्रशासन ने निर्देश जारी किया। इसके बाद भी योजना का अपूर्ण रहना संवेदकों के मनमाने पन का परिचायक है। योजना के तहत घरों तक पाइप बिछाया गया। लेकिन वार्ड वासियों को शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हुआ। पाइप बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे भी नहीं भरे गए। इसमें पानी भर जाने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है।

फोटो नंबर- 02

अमरकांत त्रिवेदी: चार महीना पहले घर तक नल जल योजना का पाइप बिछाया गया। उसमें टोंटी भी लगा दी गई। नगर के मुख्य नाला से सटे उक्त योजना का पाइप बिछाया गया है। पाइप क्षतिग्रस्त होने पर नाली का पानी इसमें घुसकर घरों में पहुंचेगा। जिसको पीने से लोग गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो सकते हैं।

फोटो नंबर- 03

अनवर फारुकी: लंबे समय से वे लोग हर घर नल जल योजना से पानी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। योजना के तहत बोरिग करा कर पानी की टंकी लगाई गई है। घरों तक पाइप भी बिछा दिया गया है। लेकिन पेयजल नसीब नहीं हो सका। इसके लिए कई बार अनुमंडल पदाधिकारी व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से गुहार लगाई गई। इसके बाद भी जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई।

फोटो नंबर- 04

कलाम फारुकी: वार्ड में पेयजल की किल्लत है। अधिकतर चापाकल खराब हैं। लोग दूसरे के घर से पानी लाकर प्यास बुझाते हैं। वार्ड में काफी जल जमाव है। जिससे चापाकल से भी दूषित पानी निकलता है। जिसके पीने से लोग बीमार हो रहे हैं।

कहते हैं नपं मुख्य पार्षद प्रतिनिध:

इस संबंध में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शिवजी ने बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में हर घर नल जल योजना अधूरी है। वार्ड संख्या 11 में दो जगह हर घर नल जल योजना के तहत पानी टंकी लगाया गया है। इसके लिए बीते वर्ष 20 जून को संवेदक आनंद कुमार सिंह से एकरारनामा हुआ था। तीन महीने में कार्य पूरा करना था। लेकिन 14 महीने बाद भी कार्य अधूरा है। जगह-जगह पाइप लीकेज की समस्या है। कनेक्शन भी अधूरा है। नगर पंचायत में हर घर नल जल योजना के तहत हुए अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिए मुख्य पार्षद ने कैमूर के जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने डीएम से कार्य पूरा नहीं करने वाले संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई कर शेष राशि की पुन: निविदा निकालने या शेष राशि से कनीय अभियंता नगर पंचायत मोहनियां द्वारा विभागीय स्तर पर कार्य पूरा कराने का आग्रह किया है। जिससे पार्षदों को जनता का कोपभाजन नहीं बनना पड़े।

chat bot
आपका साथी