कैमूर में मनमाना किराया वसूली के चलते वाहनों में होती है बकझक

कुदरा से होकर गुजरने वाले विभिन्न सड़क मार्गों पर वाहनों में मनमाना किराया वसूली को लेकर अक्सर बकझक होते रहती है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 11:22 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 11:22 PM (IST)
कैमूर में मनमाना किराया वसूली के चलते 
वाहनों में होती है बकझक
कैमूर में मनमाना किराया वसूली के चलते वाहनों में होती है बकझक

कैमूर। कुदरा से होकर गुजरने वाले विभिन्न सड़क मार्गों पर वाहनों में मनमाना किराया वसूली को लेकर अक्सर बकझक होते रहती है। किराया को लेकर बसों और ऑटो रिक्शा में उनके संचालकों और यात्रियों के बीच तकरार यहां आम बात है। लेकिन प्रशासन खासकर परिवहन विभाग उदासीन बने रहता है। परिवहन विभाग इस बात की जरूरत नहीं समझता है कि चौराहों या बस स्टॉप पर सार्वजनिक रूप से निर्धारित किराया प्रदर्शित किया जाए ताकि इसको लेकर भ्रम और विवाद की स्थिति नहीं रहे। जानकारी के मुताबिक परिवहन विभाग के द्वारा किलोमीटर के आधार पर किराया निर्धारित है, लेकिन कुदरा से विभिन्न स्थानों तक सड़क मार्ग से जाने का कितना किराया है यह यहां संबंधित विभाग के द्वारा कहीं भी प्रदर्शित नहीं किया गया है। इसके चलते यहां किराया को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रहती है और बस और ऑटो रिक्शा संचालक अपनी मर्जी और अपने हिसाब से किराया वसूल करते हैं। यात्री भी अपने ही हिसाब से किराया देना चाहते हैं। इसी कारण वाहनों में चढ़ते-उतरते और यात्रा करते वक्त किराया के नाम पर विवाद होता है। बताते चलें कि कुदरा से होकर कई प्रमुख सड़क मार्ग गुजरते हैं जिनमें नेशनल हाईवे जीटी रोड, कुदरा परसथुआ पथ, कुदरा भभुआ पथ, कुदरा चेनारी पथ आदि शामिल हैं।

विभिन्न रूट पर लगने वाला किराया :

यात्री बताते हैं कि कुदरा से भभुआ की दूरी मात्र 20 किलोमीटर होने के बावजूद 25 से 30 रुपये किराया वसूल किया जाता है। कुदरा से मोहनिया के लिए भी 30 रुपए किराया वसूल किया जाता है जबकि दूरी मात्र 20 किलोमीटर ही है। इसी तरह कुदरा से चेनारी की दूरी 15 किलोमीटर होने के बावजूद किराया 30 रुपए तक वसूल किया जाता है। कुदरा से सासाराम की दूरी भी मात्र 22 किलोमीटर होने के बावजूद बस में 30 और ऑटो रिक्शा में 40 रुपये किराया वसूल किया जाता है। यात्री बताते हैं कि सासाराम में बस संचालक अब वेदा बस स्टैंड के पास ही यात्रियों को वाहन से उतार देते हैं। वहां से मुख्य शहर में जाने के लिए यात्रियों को 10 रुपये अतिरिक्त राशि खर्च करनी होती है। यात्रियों का सबसे अधिक दोहन तो कम दूरी वाले आसपास के स्थानों पर जाने में होता है। वे बताते हैं कि कुदरा से पुसौली की दूरी मात्र 8 किलोमीटर होने के बावजूद 20 रुपये किराया वसूल किया जाता है। इसी तरह कुदरा से तेलारी की दूरी मात्र 6 किलोमीटर होने के बावजूद 20 रुपये किराया वसूला जाता है। कुदरा से शिवसागर की दूरी भी मात्र 12 किलोमीटर है और किराया 20 रुपये वसूल किया जाता है। फोटो नंबर- 13

रविद्र गुप्ता : परिवहन विभाग को चाहिए कि कुदरा के भभुआ रोड चौराहा, सकरी मोड़, लालापुर बाजार आदि जैसे मुख्य स्थानों पर बोर्ड पर किराया प्रदर्शित करे ताकि इसको लेकर भ्रम की स्थिति नहीं रहे। किराया प्रदर्शित नहीं होने के चलते यात्री और वाहन संचालक अपनी ही बात को सही बताते हैं और तकरार होते रहता है। परिवहन विभाग उदासीन बने रहेगा तो यात्रियों का शोषण होते ही रहेगा। फोटो नंबर- 14

सुनील पांडेय : यात्रियों को वास्तविक किराया की जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि मुख्य स्थानों पर जहां यात्री किराए के वाहनों में चढ़ते उतरते हैं वहां सूचनापट के जरिए किराया प्रदर्शित किया जाए। परिवहन विभाग के द्वारा किराया प्रदर्शित नहीं किए जाने के चलते वाहन संचालक यात्रियों से मनमाने तरीके से किराया वसूल करते हैं। इससे सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को होती है, जिन्हें प्रतिदिन यात्रा करनी होती है।

chat bot
आपका साथी