जलजमाव दूर करने को मुंडेश्वरी गेट के समीप नाला निर्माण शुरू

मोहनियां लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे नगर वासियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नपं की पहल पर एनएचआई के पदाधिकारियों तथा जीटी रोड को सिक्स लेन बनाने वाली सोमा-रोडिस कंपनी ने रुचि दिखाई है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 10:00 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 10:00 PM (IST)
जलजमाव दूर करने को मुंडेश्वरी गेट के समीप नाला निर्माण शुरू
जलजमाव दूर करने को मुंडेश्वरी गेट के समीप नाला निर्माण शुरू

मोहनियां: लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे नगर वासियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नपं की पहल पर एनएचआई के पदाधिकारियों तथा जीटी रोड को सिक्स लेन बनाने वाली सोमा-रोडिस कंपनी ने रुचि दिखाई है। नगर के चांदनी चौक मुंडेश्वरी गेट के पूरब जीटी रोड के दक्षिणी सर्विस लेन में लंबे समय से जलजमाव की समस्या है। इसका मुख्य कारण गेट के दोनों तरफ बने नाले का अधूरा रहना है। नाला से जलनिकासी नहीं होने के कारण सड़क पर घुटने भर पानी जमा है। जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। सड़क में गड्ढा बन जाने के कारण दुर्घटना की आशंका प्रबल है। एक सप्ताह पूर्व नगर पंचायत में हुई बैठक में जलजमाव की समस्या को दूर करने की कार्य योजना बनी थी। बैठक में मौजूद सोमा-रोडिस कंपनी के पदाधिकारियों को प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने एक सप्ताह के भीतर जलजमाव की समस्या दूर करने का निर्देश दिया था। जिसके आलोक में कंपनी द्वारा मुंडेश्वरी गेट के समीप नाला निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को कंपनी के इंजीनियर आरके शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुंडेश्वरी गेट के दोनों तरफ नाला बना हुआ है। गेट के पीलर के कारण दोनों नालों को आपस में जोड़ने में कठिनाई हो रही थी। इसी कारण निर्माण का कार्य अधूरा रह गया था। जीटी रोड के सर्विस लेन में जलजमाव के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। दोनों नाला के जुड़ जाने से जलजमाव की समस्या से मुक्ति मिलेगी। कंपनी द्वारा नाला निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिला मुख्यालय को यह सड़क जोड़ती है। मुंडेश्वरी गेट से होकर ही वाहन निकलते हैं। इस सड़क पर वाहनों का अधिक दबाव है। जिसे देखते हुए गेट के सामने दो भाग में नाला बनाने का निर्णय लिया गया। पश्चिम की तरफ से आधा भाग में नाला निर्माण होने के बाद पूरब तरफ निर्माण कार्य शुरु होगा।इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी।अभी निर्माण कार्य के कारण नगर के चांदनी चौक पर दिन भर जाम लग रहा है। इस संबंध में नपं के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया की नर्सरी गेट के समीप नाला निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इससे दोनों तरफ बने नालों को जोड़ा जाएगा। नाला के आपस में जुड जाने से जीटी रोड के दक्षिण सर्विस लेन में लंबे समय से जलजमाव की समस्या का निदान हो जाएगा। निर्माण कार्य के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसमें लोगों को सहयोग करना चाहिए। जिला मुख्यालय से आने वाले वाहन बस पड़ाव से निकल सकते हैं। भभुआ जाने वाले वाहन मुंडेश्वरी गेट के पश्चिम से बस पड़ाव होते हुए भभुआ रोड में निकलें। इससे जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। 15 दिनों के अंदर नाला निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी