कैमूर में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में सोहनी कर रही महिला की मौत

स्थानीय थाना क्षेत्र के मोकरम गांव की एक महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 09 Aug 2021 03:28 PM (IST) Updated:Mon, 09 Aug 2021 05:36 PM (IST)
कैमूर में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में  सोहनी कर रही महिला की मौत
कैमूर में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में सोहनी कर रही महिला की मौत

कैमूर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मोकरम गांव की एक महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका ददन बिद की पत्नी मालती देवी बताई जाती है।

जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब नौ बजे मालती देवी अपने गांव के उत्तरी भाग में स्थित धान के खेत में सोहनी कर रही थी। तभी बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान काफी तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आने से उक्त महिला की मौत हो गई। जब बारिश थमने के बाद कुछ किसान अपने खेतों की ओर घूमने निकले तो घटना की जानकारी हुई। गांव के किसानों ने देखा कि महिला बुरी तरह से झुलस कर खेत में पड़ी है। घटना की सूचना पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना स्थानीय थाना को भी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जाता है कि मालती के कुल 4 बच्चे हैं। जिनमें सोनी कुमारी 14 वर्ष, छोटी कुमारी 12 वर्ष, सोनू कुमार 8 वर्ष तथा सुनील कुमार 4 वर्ष शामिल हैं। मां की दुखद मौत के बाद इन बच्चों के रूदन से मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।

2021 में ठनका से आधा दर्जन लोगों की हो चुकी है मौत

इस बार बरसात का मौसम शुरू होने के बाद जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इधर जिले में मौसम भी काफी खराब चल रहा है। कभी बारिश तो कभी धूप से लोग मौसम के मिजाज को समझ भी नहीं पा रहे। खेतीबाड़ी का कार्य होने के चलते बधारों में मजदूर व किसान दिन भर रह रहे हैं। इस दौरान अचानक बारिश शुरू होने पर बधार में रहे मजदूर व किसानों को छिपने की जगह भी नहीं मिल पा रही। ऐसे में आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर कहीं कहीं किसी के घायल या मौत होने की सूचना मिल ही जा रही है।

chat bot
आपका साथी