सदर अस्पताल में शीघ्र शुरू होगी 12 घंटे जांच की सुविधा
भभुआ जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में आने वालों रोगियों के बेहतर इलाज की व्यवस्था बनाए रखने का अस्पताल प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है।
भभुआ: जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में आने वालों रोगियों के बेहतर इलाज की व्यवस्था बनाए रखने का अस्पताल प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। रोगियों के इलाज पूर्व खून व अन्य जांच की व्यवस्था संभाल रही पैथालाजी के कार्यकाल में भी बढोत्तरी करने का अस्पताल प्रशासन ने निर्णय लिया है। वर्तमान में सुबह आठ बजे से दो बजे तक होने वाली जांच की सुविधा में वृद्धि करते हुए रात आठ बजे तक यह सुविधा रोगियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इतना ही नहीं रात में आने वाले मरीजों की जांच के लिए आनकालिग जांच की व्यवस्था भी बनाई जा रही है। दो पालियों में पैथॉलाजी को चलाने के लिए मैन पावर में वृद्धि की जा रही है। इस प्रकार सुबह आठ से दो बजे दिन व पुन: दो से आठ बजे शाम तक जांच करने व रिपोर्ट मिलने की व्यवस्था हो जाने से रोगियों को जहां राहत मिलेगी। वहीं चिकित्सकों को भी इलाज या आपरेशन करने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। चिकित्सकों के अनुसार गर्भवती महिला का आपरेशन कर प्रसव कराने में हेमोग्लाबीन की जांच काफी महत्वपूर्ण होती है। फिलवक्त पैथालाजी में औसतन प्रतिदिन 50 महिलाओं व 50 अन्य रोगियों की जांच का कार्य चल रहा है।
क्या कहते है अधिकारी- इस संबंध में सदर अस्पताल के अपाधीक्षक डॉ विनोद कुमार ने बताया कि पैथालाजी के कार्यकाल विस्तार करने की लगभग सभी व्यवस्था कर ली गई है। दो दिन के अंदर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि रात में आनकालिग उपलब्ध होने वाले टेक्नीशियन को दिन में मात्र कुछ घंटे ही काम लिया जाएगा। इसके लिए रोस्टर बनाया जा रहा है।